महिला हेड कांस्टेबल दुष्कर्म प्रकरण में मौलाना गिरफ्तार
जिन्न उतारने का झांसा देकर मस्जिद में महिला हेड कांस्टेबल से दुष्कर्म करने के आरोपित मौलाना को पुलिस ने एसपी दफ्तर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।
बागपत, जेएनएन। जिन्न उतारने का झांसा देकर मस्जिद में महिला हेड कांस्टेबल से दुष्कर्म करने का आरोपित मौलाना अपना पक्ष रखने के लिए मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ एसपी के पास पहुंच गया। पुलिस ने एसपी आफिस के बाहर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मौलाना ने पुलिस पूछताछ में दो-तीन बार दुष्कर्म करना कबूल किया है। आरोपित को अदालत ने न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। पुलिस ने महिला का मेडिकल कराया है।
महिला हेड कांस्टेबल के साथ दुष्कर्म करने के मामले में शुक्रवार की सुबह 11 बजे शहर काजी हबीबुर्रहमान के नेतृत्व में विभिन्न मस्जिदों के मौलवी, एसपी आफिस पहुंचे। इनके साथ आरोपित मौलाना मोहम्मद जुबैर भी था। सभी एसपी प्रताप गोपेन्द्र यादव से मिले। आरोपित ने खुद को बेकसूर बताया। धर्मगुरुओं ने भी उसकी हिमायत की। बाद में सभी लोग एसपी ऑफिस से बाहर आ गए। थोड़ी देर बाद ही कोतवाली पुलिस ने आरोपित मौलाना मोहम्मद जुबैर को गिरफ्तार कर लिया। सीओ ओमपाल सिंह ने बताया कि मुकदमें में एससी-एसटी एक्ट भी शामिल कर लिया गया है।
-----
यह है मामला
जनपद के एक थाने में तैनात महिला हेड कांस्टेबल का बेटा गत वर्ष सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। बेटे की हालत में सुधार के लिए तीन जुलाई 2018 की शाम को महिला मस्जिद में पहुंची थी। आरोप है कि मौलाना ने वहां जिन्न उतारने के बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया था। फिर उसे ब्लैकमेल करने लगा था। बुधवार को महिला थाने में आरोपित मौलाना मोहम्मद जुबैर पुत्र फारूख निवासी मोमीन मस्जिद बागपत, मूल निवासी गांव धानवा थाना तितरो जिला सहारनपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।