दस घंटे बाद मनीष के सिर से निकाली गोली
मेरठ के एक अस्पताल में घटना के करीब दस घंटे बाद चिकित्सकों ने आपरेशन कर निकाला।
बागपत, जेएनएन। मेरठ के एक अस्पताल में घटना के करीब दस घंटे बाद चिकित्सकों ने आपरेशन कर मनीष के सिर से गोली निकाली। अब उसकी हालत में सुधार है। तीनों हमलावर पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपित शीघ्र पकड़ लिए जाएंगे।
ग्राम काठा में बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे घर में घुसकर तीन बदमाशों ने युवक मनीष के सिर में गोली मार दी थी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसको पहले बागपत सीएचसी, जिला अस्पताल ले जाया गया था। बाद में चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसको हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया था। स्वजन ने उसको मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया।
कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही का कहना है कि चिकित्सकों ने बुधवार रात करीब 10.30 बजे आपरेशन कर मनीष के सिर से गोली निकाली। मनीष का अस्पताल में उपचार चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत में सुधार है। वहीं, हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर केस का राजफाश किया जाएगा। आरोपित के पिता की हत्या के केस में जेल गया था मनीष
वर्ष 2019 में गांव मेहरमपुर निवासी बेगराज की हुई हत्या के मामले में युवक मनीष जेल गया था। मनीष जमानत पर जेल से छूटा हुआ है।
अब मनीष पर हुए जानलेवा हमले के मामले में मनीष की पत्नी ज्योति ने बेगराज के बेटे गौरव व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आशंका है कि बेगराज की हत्या के मामले को लेकर ही मनीष पर जानलेवा हमला किया गया है।