विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विद्यालय का वीडियो और फोटो किए थे प्रसारित; युवक पर मुकदमा दर्ज, भ्रामक रील बनाने का भी आरोप

By Rajeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 30 Aug 2026 01:09 PM (IST)

बड़ौत के माखर गांव के एक विद्यालय की भ्रामक वीडियो और तस्वीरें प्रसारित करने के आरोप में रजत सोलंकी नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

बागपत के माखर गांव के कंपोजिट विद्यालय की स्थिति दिखाता रजत सोलंकी। वीडियो ग्रैब

बागपत के माखर गांव के कंपोजिट विद्यालय की स्थिति दिखाता रजत सोलंकी। वीडियो ग्रैब 

HighLights

  1. माखर गांव के विद्यालय का वीडियो प्रसारित किया गया।

  2. युवक पर भ्रामक रील बनाने का आरोप भी लगाया गया।

  3. पुलिस ने आरोपी रजत सोलंकी को गिरफ्तार किया है।

जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। माखर गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय (कंपोजिट) की तस्वीर और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। विद्यालय के शिक्षकों ने युवक पर गेट तोड़कर परिसर में प्रवेश करने, जर्जर भवन पर लगी सील तोड़ने और भ्रामक रील बनाकर प्रसारित करने का आरोप लगाया है। उधर, युवक ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।

इंचार्ज प्रधानाध्यापिका भावना तोमर के अनुसार, युवक ने विद्यालय परिसर में घुसकर भवन, शौचालय और रसोईघर की स्थिति को लेकर वीडियो बनाया और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। विद्यालय का भवन, शौचालय और रसोईघर ठीक हालत में हैं। युवक के कृत्य से विद्यालय की छवि धूमिल हुई है। इससे पहले भी युवक ने विद्यालय परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया था।

वहीं, युवक ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि रविवार को वह दीवार के रास्ते विद्यालय परिसर में गया था और वहां की अव्यवस्थाओं को वीडियो में दिखाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया था। उसने गेट तोड़ने और जर्जर भवन की सील तोड़ने से मना किया।

युवक का कहना है कि विद्यालय में फैली अव्यवस्थाओं की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा था, इसलिए उसने वीडियो बनाकर मामला सामने रखा। कोतवाली प्रभारी आरके शर्मा का कहना है कि इंचार्ज प्रधानाध्यापिका की तहरीर पर भ्रामक वीडियो बनाने और प्रसारित करने आदि के आरोप में रजत सोलंकी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।