कन्या सुमंगला योजना: बेटियों के जन्म से लेकर कॉलेज की पढ़ाई तक मिलती है आर्थिक मदद, यह है आवेदन की पूरी प्रक्रिया
Kanya Sumangala Yojana: मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना बेटियों को जन्म से लेकर स्नातक तक आर्थिक सहायता प्रदान करती है। बागपत ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ऑनलाइन आवेदन कर पात्र उठा सकते हैं योजना का लाभ।
बागपत की 20,944 बेटियों को अब तक मिला लाभ।
जहीर हसन, बागपत। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना कन्या भ्रूण हत्या में कमी लाने और परिवार नियोजन को बढावा देने में मील का पत्थर साबित हो रही। इस योजना में बेटियों के जन्म से लेकर स्नातक की पढ़ाई तक आर्थिक सहायता मिलती है। वर्तमान में बागपत की 21 हजार बेटियों को लाभ मिल रहा है। अब तक इन बेटियों के खतों में 5.16 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर चुकी है। यदि आपके परिवार में भी बिटियां हैं तो ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठा...।
प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पहली बार सरकार बनी तब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बेटी बचाओ-बेटी पढाओ का सपना साकार करने को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना लागू की गईं। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश में समान लिंगानुपात को स्थापित करना, कन्या भ्रूण हत्या को रोकना, बालिकाओं के स्वास्थ्य व शिक्षा को सृदृढ़ करना, बालिकाओं के परिवार को आर्थिक सहायता देना और आम जन में बालिकाओं के जन्म को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करना है। इसमें यह योजना काफी हद तक सफल हो रही है। महिला कल्याण विभाग इस योजना का संचालन करता है।
बिटिया के जन्म लेने पर भी मिलते हैं रुपये
6 चरण में कुल 25 हजार रुपये मिलते हैं। बिटिया के जन्म लेने पर पांच हजार रुपये, एक वर्ष तक टीकाकरण पूरा होने पर दो हजार व कक्षा एक में प्रवेश लेने पर तीन हजार रुपये, कक्षा छह में प्रवेश लेने पर तीन हजार रुपये, कक्षा नौ में प्रवेश पर पांच हजार रुपये व 10वीं या 12वीं कक्षा पास कर दो वर्षीय डिप्लोमा या स्नातक में प्रवेश लेने पर सात हजार रुपये मिलते हैं।
इन बेटियों को मिल रहा लाभ
वर्तमान में बागपत में 20, 944 बेटियों को मुख्यमंत्री कन्या योजना का लाभ मिल रहा है। प्रदेश सरकार इन बेटियों के खातों में अब तक 5.16 करोड़ रुपये जमा करवा चुकी है। इनके अलावा 1803 बेटियों के खातों में पैसा आने वाला है, क्योंकि इनकी सभी कागजी औचारिकता पूरी कर पोर्टल पर अपलोड करा दी गई हैं। चार हजार से ज्यादा आवेदन जांच प्रक्रिया में हैं।
इन्हें मिलता है लाभ
इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए। परिवार की वार्षिक आय अधिकतम 3 लाख होनी चाहिए। परिवार के अधिकतम दो बेटियों को इसका लाभ मिल सकता है लेकिन परिवार में दो से ज्यादा बच्चे नहीं होने चाहिए।
ये आवश्यक अभिलेख चाहिए
- बिटियां व आवेदक का फोटो
- बैंक खाते का विवरण
- आवेदक का निवास प्रमाण पत्र
- बिटिया का जन्म प्रमाण पत्र भी
- बिटिया के टीकाकरण का कार्ड
- कक्षाओं में प्रवेश का प्रमाण
- आवेदक का आधार कार्ड
यहां करिए आवेदन
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में https:// mksv.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जन सेवा केंद्र या आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। हब फार एम्पावरमेंट आफ वुमन की डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर शालू चौधरी ने बताया कि विकास भवन स्थित महिला कल्याण विभाग में सीधे संपर्क कर आवेदन किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना को बेटियों का काफी फायदा मिल रहा है। डीएम अस्मिता लाल खुद योजना की समीक्षा करतीं हैं। कोई भी जब चाहे तब आवेदन कर सकता है। सभी पात्रों को याेजना का लाभ दिया जाता है।
-राहुल वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी
