सफाई न सुरक्षा, यह है कांशीराम कालोनी
शहर से सटी कांशीराम कालोनी के लोगों के दो बड़े दर्द हैं।
बागपत, जेएनएन। शहर से सटी कांशीराम कालोनी के लोगों के दो बड़े दर्द हैं। पहला कालोनी में गंदगी और दूसरा कालोनी में असुरक्षा का माहौल। लोगों का यह भी कहना है कि शिकायत तो करते हैं, लेकिन समाधान कोई नहीं कराता है। लिहाजा कई सौ लोगों को गंदगी और रात में अुसरक्षा के माहौल में रहना पड़ता है। यह कालोनी एकदम जंगल से सटी हुई है। लोगों की मांग है कि कालोनी में सफाई कराने के साथ-साथ रात में पुलिस गश्त भी नियमित कराई जाए।
कालोनी के रामभजन कश्यप ने बताया कि कांशीराम कालोनी में चार सौ से ज्यादा परिवार रहते हैं। गंदगी की बड़ी समस्या कालोनी के लोगों के सामने हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से लेकर डीएम तक कर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं निकला है। कालोनी की नियमित सफाई कराए जाए। जगदीश प्रसाद ने बताया कि कालोनी जंगल से सटी है रात के समय लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस करते हैं। झगड़ा या कोई घटना होने पर ही कालोनी में पुलिस दिखाई देती है सर्दी का मौसम शुरू हो गया, इसलिए पुलिस को हर रोज गश्त करनी चाहिए। रमेश कश्यप ने बताया कि पहली और दूसरी मंजिल पर पेयजल पाइपों में पानी नहीं चढ़ता है इस समस्या का भी समाधान कराया जाएगा।
---
इन्होंने कहा..
कालोनी में जो भी गंदगी और पेयजल समस्याएं हैं। उनका जल्द से जल्द समाधान कराया जाएगा। व्यवस्था कराई जाएगी कि कालोनी की नियमित सफाई हो।
दुर्गेश मिश्र, एसडीएम बड़ौत।
---
कालोनी के पास ही पुलिस चौकी स्थित है। कालोनी में पुलिस गश्त को जाती है, लेकिन गश्त को लेकर लोगों की कोई शिकायत है, तो उसे दूर किया जाएगा।
आलोक सिंह, सीओ बड़ौत।