विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय संस्कृति को समझने बागपत पहुंचा जापानी दल, मट्ठा-गुड़ का लिया स्वाद-ग्रामीण जीवन शैली को जाना

By Rajeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 18 Oct 2026 02:48 PM (IST)

बागपत के जागोस गांव में जापानी शिक्षकों और छात्रों के दल ने भारतीय ऋषिकुल विद्यापीठ इंटर कॉलेज का दौरा किया। ...और पढ़ें

जागोस गांव के ऋषिकुल विद्यापीठ इंटर कालेज में जापान से पहुंचे विद्यार्थियों व शिक्षकों का किया गया स्वागत। सौ. शिक्षक

जागोस गांव के ऋषिकुल विद्यापीठ इंटर कालेज में जापान से पहुंचे विद्यार्थियों व शिक्षकों का किया गया स्वागत। सौ. शिक्षक

HighLights

  1. जापानी दल ने बागपत के स्कूल का शैक्षिक भ्रमण किया।

  2. भारतीय संस्कृति, शिक्षा व्यवस्था और जीवनशैली को जाना।

  3. पारंपरिक भारतीय व्यंजनों जैसे मट्ठा-गुड़ का स्वाद लिया।

संवाद सूत्र, छपरौली (बागपत)। जागोस गांव स्थित भारतीय ऋषिकुल विद्यापीठ इंटर कालेज में शनिवार को जापान के दो शिक्षकों और चार विद्यार्थियों के दल ने शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति, शिक्षा व्यवस्था और ग्रामीण जीवनशैली की जानकारी ली।

विद्यालय के डायरेक्टर एसके शर्मा, मैनेजर अर्चना शर्मा और प्रधानाचार्य राजीव शर्मा ने दल का स्वागत किया। जापानी मेहमानों ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से अंग्रेजी में बातचीत की और पढ़ाई से संबंधित जानकारी साझा की। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने भारतीय वेशभूषा में सांस्कृतिक और देशभक्ति गीतों पर रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। दल के सदस्यों ने कार्यक्रमों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने विद्यालय परिसर के साथ जागोस गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों के रहन-सहन को भी करीब से जाना। इस दौरान जापानी मेहमानों ने दाल, चावल, चपाती, मट्ठा, गुड़, अमरूद और पपीते सहित पारंपरिक भारतीय व्यंजनों का स्वाद लिया और भारतीय खानपान की प्रशंसा की।

प्रधानाचार्य राजीव शर्मा ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य भारत और जापान के बीच शैक्षिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को दूसरे देशों की संस्कृति, परंपराओं और शिक्षा पद्धति को समझने का अवसर देते हैं। मदनपाल शर्मा, शिवकुमार, विजय कुमार, नेहा पवार, छवि त्यागी, सलोनी और पायल पंवार सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।