विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शराब ठेके पर लूटपाट के बाद की थी मनाली की सैर, बागपत में हुई मुठभेड़ में गाजियाबाद का लुटेरा घायल

By Kapil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 05 Oct 2026 03:04 PM (IST)

बागपत में शराब ठेके पर लूट के मामले में गाजियाबाद के मुख्य आरोपित रिंकू उर्फ विशाल को पुलिस मुठभेड़ में ...और पढ़ें

HighLights

  1. बागपत में शराब ठेके पर लूट का मुख्य आरोपित गिरफ्तार।

  2. गाजियाबाद के रिंकू उर्फ विशाल को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी।

जागरण संवाददाता, बागपत। शराब ठेके पर लूट के मामले में पुलिस ने गाजियाबाद के एक बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। जो एक पैर में गोली लगने से घायल हो गया उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देकर मनाली की सैर की थी। उनके दो साथी पहले पकड़े जा चुके हैं।

आल इंडिया शुगर फेडरेशन नई दिल्ली के डायरेक्टर वीरेंद्र उर्फ बिल्लू राणा निवासी ग्राम खेड़ा इस्लामपुर ने पुलिस को बताया था कि ग्राम गौरीपुर जवाहरनगर में उनका शराब बीयर का कंपोजिट ठेका है। सेल्समैन आक्रोशपाल और ओमसिंह निवासी पूर्वी बस्ती उन्दा पमाऊ (ओरैया) से गत 20 जुलाई की रात करीब 9.56 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल के बल पर ठेके का गेट खुलवाया।

इसके बाद सेल्समैन को जान से मारने की धमकी देते हुए चार-पांच बोतल शराब, दो पेटी बीयर और दिनभर बेची गई शराब की नगदी लूटकर ले गए। भागते समय बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई थी।

फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि मुख्य आरोपित रिंकू उर्फ विशाल निवासी ग्राम जावली (गाजियाबाद) को सोमवार सुबह सरूरपुर-सूजरा मार्ग पर दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर के अंडरपास के निकट मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर शराब ठेके पर लूटपाट करना स्वीकार किया है।

उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा, बगैर नंबर की बाइक तथा लूटी गई रकम में से 3200 रुपये बरामद हुए हैं। आरोपित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके विरुद्ध दो मुकदमे दर्ज हैं। पता चला कि आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर किराये की कार से गाजियाबाद से बागपत पहुंचकर शराब का सेवन किया था। कम रहने पर शराब लेने ठेके पर गए थे, जहां पर गल्ले से रुपये और शराब लूटी गई थी। इसके बाद घूमने मनाली (हिमाचल प्रदेश) गए थे, दो दिन बाद वापस गाजियाबाद लौटे थे।

उसके दो साथी विकास व मयंक उर्फ भोलू निवासी ग्राम संतोषपुर को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।