हथियारों का तस्कर मुठभेड़ में गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने नैथला मोड़ के निकट मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया। उसके पास से काफी हथियार बरामद हुए।
जासं, बागपत: कोतवाली पुलिस ने नैथला मोड़ के निकट मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया। उसके पास से काफी हथियार बरामद हुए। कोतवाली में हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपित अवैध हथियारों का सप्लायर है। चुनाव में अराजकता फैलाने के लिए हथियार मेरठ पहुंचाए जाने थे।
एएसपी रणविजय सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पकड़े गए बदमाश अली शेर पुत्र फैज अली निवासी निवाड़ा से एक रिवाल्वर, एक पिस्टल, छह तमंचे, एक अधबनी बंदूक, 15 कारतूस व दो खोखा बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, वह सोनीपत से हथियार लाकर बागपत, मेरठ और मुजफ्फरनगर में वर्षों से सप्लाई कर रहा था। वह किन लोगों को हथियार सप्लाई करता था, इसका पता लगाया जा रहा है। सभी पर गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज कर संपत्ति भी जब्त की जाएगी।
गौरीपुर खादर बवाल का
आरोपित है अलीशेर
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक, अलीशेर के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। उस पर सबसे पहले वर्ष 2009 में अवैध बालू खनन का मुकदमा दर्ज हुआ था। यूपी गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई हुई। 2018 में उसके खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ। पिछले साल गौरीपुर के यमुना खादर में हुए बवाल में भी अलीशेर शामिल रहा था। इस केस में वह जमानत पर छूटा हुआ है।
अलीशेर बोला, पुलिस ने
पिटाई कर बना दिया सप्लायर
अलीशेर ने बताया कि वह गुरुवार शाम पांच बजे घर पर भैंस का दूध निकाल रहा था। पुलिस घर पहुंची और उसे कोतवाली ले आई। उसकी पिटाई की और फर्जी तरीके से हथियारों का सप्लायर बना दिया। पुलिस की पिटाई से उसकी हालत बिगड़ गई है। सीएचसी से उसे रेफर कर दिया। उधर एएसपी का कहना है कि पुलिस पर लगाए आरोप बेबुनियाद हैं। अलीशेर ने खुद को हार्ट की बीमारी बताई है, जो जिला अस्पताल में भर्ती है। उसकी मेडिकल बोर्ड से जांच कराई जाएगी।