पराली जलाने पर किसानों का शोषण बंद करे सरकार : पूरण
भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने रविवार को बागपत में कहा कि पराली जलाने पर उत्पीड़ न किया जाए।
बागपत, जेएनएन। भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने रविवार को बागपत में कहा कि पराली और पुआल जलाने पर सरकार किसानों का शोषण कर रही है। पराली व पुआल न जलाना पड़े, इसकी सरकार उचित व्यवस्था करे।
सरकार ऊर्जा निगम को प्राइवेट करना चाहती है। इस पर ऊर्जा निगम के स्टाफ ने आपत्ति की तो उन पर शत प्रतिशत बिल वसूली का दबाव बनाया गया। अब ऊर्जा निगम के कर्मचारी व ठेका कर्मचारी मिलकर मनमर्जी उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट रहे है। यदि किसी उपभोक्ता पर दो हजार रुपये का भी बिल बकाया है तो उसका भी कनेक्शन काट दिया जाता है तथा बाद में मोटी रकम वसूलकर दोबारा कनेक्शन जोड़ा जाता है।
कृषि कानूनों पर पंजाब की तर्ज पर सुधार करने की जरूरत है। पंजाब सरकार की किसान को अपनी शिकायत कोर्ट में करने का अधिकार दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगे पूरी नहीं करती है तो जल्द ही बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नु मलिक, जिला अध्यक्ष बागपत कालूराम हिलवाड़ी, मुजफ्फरनगर के जिला उपाध्यक्ष अनिल आदि मौजूद रहे।