दिल्ली-देहरादून इकोनोमिक कारिडोर पर हादसा; टैंकर से टकराई युवा कारोबारी की कार... बुझ गया घर का चिराग
दिल्ली-देहरादून इकोनोमिक कारिडोर पर एक भीषण सड़क हादसे में दिल्ली के युवा कारोबारी रोहित सहगल की मौत हो गई। ऋषिकेश ...और पढ़ें

HighLights
इकोनोमिक कारिडोर पर हुआ भीषण सड़क हादसा।
दिल्ली के युवा कारोबारी रोहित सहगल की हुई मौत।
खड़े दूध के टैंकर से टकराई कार, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, बागपत। ऋषिकेश से दिल्ली लौटते समय दिल्ली-देहरादून इकोनोमिक कारिडोर पर ग्राम बिजरौल इंटरचेंज के निकट खड़े टैंकर से कार टकरा गई, हादसे में कार सवार दिल्ली के युवा कारोबारी की मौत हो गई। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लिया। उसके चालक की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस लगी है।
दिल्ली के राजेंद्र नगर निवासी 34 वर्षीय रोहित सहगल पुत्र राजीव सहगल ने ऋषिकेश में होटल का निर्माण कराया है, जिसकी इस सप्ताह ओपनिंग थी। वे शनिवार रात होटल से अपने घर होंडा अमेज कार से लौट रहे थे। रात करीब तीन बजे इकोनोमिक कारिडोर पर बिजरौल इंटरचेंज के निकट पहुंचने पर पहले से वहां पर खड़े दूध के टैंकर से उनकी कार टकरा गई। इससे रोहित सहगल की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच कर रोहित के शव को कब्जे में लिया।
हादसे की जानकारी फोन से पीड़ित स्वजन को दी। इसके बाद स्वजन बागपत पहुंचे। रविवार दोपहर करीब 12.30 बजे पोस्टमार्टम के बाद रोहित के शव को लेकर स्वजन दिल्ली के लिए रवाना हुए।
उधर, बड़ौत कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी का कहना है कि इकोनोमिक कारिडोर पर खड़े टैंकर से कार के टकराने से हादसा हुआ है, जिसमें रोहित सहगल की मृत्यु हो गई। कैंटर को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बुझ गया घर का चिराग
राजीव सहगल दिल्ली में बिल्डर है। उनके एक बेटा रोहित सहगल थे तथा एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। रोहित की जल्द ही शादी होनी थी। हादसे से सगे-संबंधी गमजदा है।
