बागपत में श्रद्धालुओं से भरा पिकअप पलटा, 12 की मौत; बागड़ धाम से दर्शन कर बदायूं लौट रहे थे सभी
बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। बागड़ धाम ...और पढ़ें
HighLights
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर पिकअप वाहन का भीषण हादसा।
बागड़ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं की मौत का आंकड़ा 12 हुआ।
कैंटर की टक्कर से पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलटा।
जागरण संवाददाता, बागपत। ईस्टर्न पेरीफेरल (ईपीई) पर रविवार देर रात हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। पहले चार लोगों की मौत हुई थी। सोमवार दोपहर तक 8 और घायलों ने दम तोड़ दिया।
बता दें कि करीब पौने दो बजे कैंटर की टक्कर से बागड़ धाम से लौट रही श्रद्धालुओं से भरा पिकअप वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और 20 श्रद्धालु घायल हो गए थे।
सभी श्रद्धालु बदायूं के रहने वाले हैं। हादसे के बाद अफरा तफरी मच गई। घायलों को सीएचसी व जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पिकअप में कुल 32 लोग सवार थे
पिकअप में कुल 32 लोग सवार थे। बदायूं के गांव अल्हापुर से लोग राजस्थान के बागड़ यात्रा पर गए थे। रात में वापस आते समय ईपीई पर बड़ागांव के पास कैंटर ने पिकअप में टक्कर मार दी, जिससे पिकअप वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
अधिकाशं लोग उसके नीचे दब गए और चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक एक बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो चुकी थी।
हादसे के समय ही कुछ गंभीर घायलों को दिल्ली व मेरठ रेफर कर दिया गया था। सोमवार तक मौत का आंकड़ा 12 पहुंच गया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
