दो पक्षों में संघर्ष, प्रधान समेत तीन हिरासत में
ईद-उल-अजहा के पर्व पर ग्राम मवीकलां में दो पक्षों में संघर्ष हो गया।
बागपत, जेएनएन। ईद-उल-अजहा के पर्व पर ग्राम मवीकलां में दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इसमें तीन लोग घायल हुए। पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने से तनाव बना है। प्रधान की हिमायत में ग्रामीणों ने कोतवाली पर हंगामा किया।
ग्राम प्रधान दीपक पक्ष और इस्लामुद्दीन पक्ष के बीच बुधवार दोपहर करीब दो बजे झगड़ा हुआ। उनके बीच लाठी-डंडे और अन्य हथियार चले। इससे हंगामा हुआ। प्रधान दीपक पक्ष से युवक गय्यूर तथा दूसरे पक्ष से इस्लामुद्दीन व उनका भतीजा गुलजार घायल हुआ। घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया। पुलिस ने प्रधान दीपक समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
प्रधान दीपक ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ ईद-उल-अजहा के पर्व की बधाई देने और दावत खाने के लिए मुस्लिम समाज के लोगों के पास गए थे। रास्ते में इस्लामुद्दीन मिला। आरोप है कि इस्लामुद्दीन ने ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। दो दिन पूर्व इस्लामुद्दीन के स्वजन ने अपने पड़ोसी के मवेशियों की पिटाई कर दी थी। इस्लामुद्दीन को भूमि के दस्तावेज दिखाने और पड़ोसी से झगड़ा न करने के लिए बोला गया था, तभी इस्लामुद्दीन पक्ष के लोगों ने उन पर हमला किया। उनके तीन साथी चोटिल हुए। पुलिस ने उनको बेवजह पकड़ा है। वहीं, इस्लामुद्दीन है कहना है कि पंचायत चुनाव में वोट न दी तो प्रधान दीपक उनसे रंजिश रखते हैं। उनकी भूमि को ग्राम पंचायत की भूमि बताई जा रही है। आरोप है कि प्रधान दीपक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके घर में घुसकर हमला किया। वहीं, प्रधान दीपक को हिरासत में लिए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने कोतवाली पर हंगामा किया। उनका कहना है कि प्रधान की कोई गलती नहीं है। प्रधान की तुरंत छोड़ा जाए।
उधर, कोतवाली एसआइ रामकुमार का कहना है कि दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पंचायत में नहीं गया तो मकान पर बोला धावा
इस्लामुद्दीन का कहना है कि प्रधान दीपक ने मोहल्ले के एक व्यक्ति के मकान पर पंचायत की। उनको बुलाने के लिए एक किशोर को घर पर भेजा गया। उनके द्वारा पंचायत में जाने से मना किया तो थोड़ी देर बाद आरोपित पक्ष ने घर पर धावा बोला।