सर्द हवा में निकली धूप से खिले चेहरे
कड़ाके की ठंड जारी है। रातभर सर्द हवा चलने के बाद शनिवार की सुबह 10 बज धूप खिली।
बागपत, जेएनएन। कड़ाके की ठंड जारी है। रातभर सर्द हवा चलने के बाद शनिवार की सुबह 10 बजे तक बादल छाए रहने से हर कोई ठिठुरता नजर आया। लोगों को कहते सुना कि फिर लौट आई है गलन। वाकई ठंड इतनी थी कि सूरज निकलने के बाद ही बाजारों के साथ सरकारी दफ्तरों में चहल-पहल नजर आई।
न्यूनतम तापमान 7.6 व अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गत दिवस न्यूनतम आठ तथा 21.6 डिग्री सेल्सियस
था। ठंड की सर्वाधिक मार उन हजारों किसानों पर पड़ी जिन्हें सुबह-सुबह खेतों में गन्ना कटाई करनी पड़ी। पल-पल बदलते मौसम से किसानों की चिता बढ़ गई, क्योंकि उन्हें डर है कि पाला पडने पर सब्जियों व आलू फसल में नुकसान होगा।
उन लोगों की भी कम आफत नहीं रही जिन्हें सुबह-सुबह ड्यूटी पर जाना पड़ा। घरों से लेकर दफ्तरों तक में लोग धूप सेकते दिखे। धूप निकलने से बड़ी राहत सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं को भी मिली। दिन छिपने के बाद फिर ठंड की मार पड़ने से लोगों ने घरों की राह पकड़ ली। सुबह और शाम के वक्त लोगों को अलाव से ठंड दूर करते देखा गया। बाकी कसर वायु प्रदूषण पूरी करने लगा है। एयर क्वालिटी इंडेक्स 243 रहा है। किसी को नहीं छू पाया कोरोना का संक्रमण
कोरोना की जकड़ अब जिले में कमजोर हो गई है। मात्र दो-तीन केस मिल रहे है। शनिवार को तो संक्रमण किसी को छू भी नहीं पाया है। जनवरी माह में घटे केस की वजह से स्वास्थ्य विभाग के अफसर हर्ष व्यक्त कर रहे है। लोग भी राहत की सांस ले रहे है। सीएमओ डा. आरके टंडन ने बताया कि जिले में कोरोना का संक्रमण अब दम तोड़ता जा रहा है। कोई भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं हुआ, बल्कि एक व्यक्ति ही ठीक होकर अपने घर पहुंच गया है। 1504 संदिग्ध लोगों के नमूने जांच की गई। नमूने लैब भिजवाएं गए है, रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। लोगों से अपील की भले ही संक्रमण कम हुआ, अभी जागरूकता जरूरी है। मास्क के बिना घर से न निकले। संक्रमण जब तक जड़ से खत्म नहीं होता है तब तक सावधानियां बरतनी है।