CM Yuva Udyami Yojana: नौकरी ढूंढने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनें; आप भी उठा सकते हैं सरकार की विशेष योजना का लाभ
उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही है, जिसमें 21 से ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण।
बागपत में 1457 युवा हुए स्वरोजगार से सशक्त।
आवेदन के लिए एमएसएमई पोर्टल पर करें संपर्क।
जागरण संवाददाता, बागपत। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी महत्वाकांक्षी योजना युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता की ओर प्रेरित करने के लिए संचालित की जा रही है। उद्देश्य यही कि युवाओं में एक उत्साह बने और वे सशक्त बनाकर उन्हें नौकरी ढूंढने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने। बागपत में 1457 युवाओं ने इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार की राह पकड़ ली है। आप भी उठाइए योजना का लाभ...।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में एक है, जिसमें युवाओं के सपनों को पंख लग रहे हैं। इस योजना में 21 वर्ष से लेकर 40 वर्ष आयु तक के युवा लाभान्वित हो सकते हैं। इन्हें बिना ब्याज के पांच लाख तक का ऋण मिलता है, ताकि वे अपना कोई सूक्ष्म उद्योग कर सके। इसके लिए शिक्षण योग्यता न्यूनतम कक्षा 8 पास हैं, मगर इंटरमीडिएट अथवा समकक्ष की वरीयता मिलती है। सर्विस, मैन्युफैक्चरिंग और ट्रेडिंग सेक्टर में कोई भी कार्य करने के लिए लोन ले सकते हैं लेकिन नकारात्मक कारोबार जैसे शराब की दुकान आदि के लिए इस योजना में नो एंट्री है।
बागपत में पिछली साल 1065 युवाओं ने लोन लेकर न केवल स्वरोगार किया, बल्कि इनमें से कईयों ने सफलता का झंडा गाड़ते हुए दूसरों को भी रोजगार दिया। चालू वित्त वर्ष में 392 युवाओं को लोन मिल गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में स्वरोजगार शुरू कर दिया। बैंकों के स्तर पर प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध रूप से ऋण स्वीकृत किया जाएगा। चार वर्षों तक 100 प्रशति ब्याज मुक्त लोन दिया जाता है। समय से लोन चुकाने पर उन्हें आगे 10 लाख रुपये तक का लोन मिलेगा। तो आइए फिर देर किस बात की और करिए स्वरोजगार के लिए लोन लेने को आवेदन।
डीएम की निगरानी
डीएम अस्मिता लाल खुद इस योजना की निगरानी व समीक्षा करती हैं। उन्होंने युवाओं से अपील कि वे सीएम युवा उद्यमी योजना में ब्याज मुक्त पांच लाख रुपये तक का लोन लेकर स्वरोजगार कर अपनी तथा दूसरों के रोजगार की राह आसान बनाएं। प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग रहेगा।
यहां करें आवेदन
-सीएम युवा उद्यमी योजना में आवेदन की प्रक्रिया के लिए एमएसएमई के पोर्टल पर wwwmsme.up.fov.in पर अपने मोबाइल से आनलाइन आवेदन करें। जन सेवा केंद्र पर पहुंचकर आवेदन करे सकते हैं। जिला उद्योग प्रोत्साहन केंद्र बागपत के कार्यालय में संपर्क कर आवेदन कराने में मदद ले सकते हैं।
आवेदन के साथ अभिलेख
-परियोजना रिपोर्ट
- पैन कार्ड
-पता प्रमाण पत्र (बिजली बिल / आधार)
-बैंक पासबुक (पहला पन्ना)
-अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो)
-शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र
-आयु प्रमाणपत्र
-पासपोर्ट आकार का फोटो
-निवास प्रमाण पत्र
-स्वघोषणा पत्र
-विक्रेता कोटेशन
1300 युवाओं को लोन देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में चालू साल के लिए 1300 युवाओं को लोन देने का लक्ष्य मिला है। समय रहते लक्ष्य पूरा किया जाएगा। डीएम और सीडीओ इस योजना की खुद समीक्षा कर प्रगति बढ़वाने के लिए प्रयासरत हैं। युवाओं को योजना का लाभ लेने के लिए आगे आना चाहिए।-विशाल त्यागी, सहायक आयुक्त उद्योग।
