जोशीला था योगी का भाषण, खूब बटोरीं तालियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रमाला चीनी मिल में दूसरी बार बागपत के लोगों के बीच थे। इस बार वह ज्यादा नहीं बोले लेकिन जितना भी भाषण दिया पूरे जोश के साथ। हर मुद्दे पर उन्होंने तालियां बटोरी। लगभग 15 मिनट के अपने भाषण में उन्होंने एक ओर जहां आतंकवाद और भ्रष्टाचार पर प्रहार किया वहीं वह 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने की बात भी नहीं भूले।
बागपत, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रमाला चीनी मिल में दूसरी बार बागपत के लोगों के बीच थे। इस बार वह ज्यादा नहीं बोले, लेकिन जितना भी बोले पूरे जोश के साथ। हर मुद्दे पर उन्होंने तालियां बटोरीं। लगभग 15 मिनट के अपने भाषण में उन्होंने एक ओर जहां आतंकवाद और भ्रष्टाचार पर प्रहार किया, वहीं वह 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का संकल्प दोहराना भी नहीं भूले। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब यूपी में दंगे नहीं होते हैं और कानून का राज है।
योगी आदित्यनाथ का संबोधन कश्मीर, भ्रष्टाचार, किसान, युवाओं की भर्ती, गन्ना भुगतान और गढ़मुक्तेश्वर के विकास पर केंद्रित रहा। योगी ने कहा कि अब कश्मीर में आतंकवादियों का नहीं बल्कि कानून का राज चलता है। एक झटके में सालों से चली आ रही 370 जैसी बीमारी को खत्म कर दिया। पाकिस्तान मुंह उठाता है तो घर में घुसकर मारते हैं। योगी आदित्यनाथ के मुंह से यह सुनते ही पंडाल तालियों से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री का भाषण सुनने बड़ौत से पहुंचीं बिमला देवी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने भ्रष्टाचार को समाप्त कर दिया है। कागज रानी ने कहा कि प्रदेश को ऐसा मुख्यमंत्री पहली बार मिला है जो गढ़मुक्तेश्वर को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित करने की बात कहता है। इससे पहले किसी ने गढ़मुक्तेश्वर पर ध्यान नहीं दिया। सचिन वत्स ने कहा कि भाजपा सरकार में समय से किसानों का गन्ने का भुगतान हो रहा है। पुलिस और दूसरे विभागों में जो भर्तियां हो रही हैं उनमें अब पैसे नहीं लिए जा रहे। सोहन तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रमाला चीनी मिल का विस्तारीकरण कर बागपत के किसानों को बड़ी सौगात दी है। इससे पहले नेता केवल बातें ही करते रहते थे।