उगते सूर्य को अर्घ्य देकर की छठ मैया की पूजा
संतान की दीर्घ आयु के लिए महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर सूर्य की उपासना की साथ ही उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। नगर के शुगर मिल स्थित शिव मंदिर में छठ पर्व पर छठ मैय्या स्थल पर महिलाओं ने प्रात पूजन किया।
बागपत, जेएनएन। संतान की दीर्घ आयु के लिए महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर सूर्य की उपासना के साथ ही उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। नगर के शुगर मिल स्थित शिव मंदिर में छठ पर्व पर छठ मैया स्थल पर महिलाओं ने प्रात: पूजन किया। खरना के बाद से महिलाओं का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया था। संतान की दीर्घ आयु व परिवार की खुशहाली के लिए निर्जला उपवास कर रही महिलाओं ने रविवार की प्रात: चार बजे से ही यमुना नदी पहुंचकर सूर्य की उपासना शुरू कर दी और उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। उगते सूर्य को जल देने के लिए लोनी, हरियाणा के सोनीपत से श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने नदी किनारे रंगोली सजाई और आतिशबाजी भी की। छठ पूजा कर रही व्रत रखने वाली महिलाओं के साथ उनके परिवार के सदस्यों ने सेल्फी लेकर पूजा को यादगार बनाया। महिलाओं ने एक दूसरे की मांग में सिदूर भरकर व गले मिलकर बधाई दी। व्रत रखने वाली महिलाओं ने पूजा के दौरान दीपक जलाकर पानी में विसर्जन किए।
मंदिर के पुजारी पंडित अनिल तिवारी ने बताया कि उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पण कर छठ पर्व संपन्न हो गया है। पूजा संपन्न होने पर मंदिर में जलेबी, हलवा व चाय का प्रसाद वितरित किया गया।