सत्यपाल सिंह ने बागपत में फिर लहराया जीत का परचम
भाजपा उम्मीदवार को कुल 52417
बागपत: देशभर में सुर्खियों में रही बागपत संसदीय सीट का परिणाम देर रात घोषित हो चुका है। भाजपा उम्मीदवार एवं वर्तमान सांसद केंद्रीय राज्य मंत्री डा. सत्यपाल सिंह ने फिर बागपत में जीत का परचम लहराकर महागठबंधन के जयंत चौधरी को पस्त कर दिया। भाजपा उम्मीदवार की 23502 से ज्यादा मतों से जीत हुई। जीत का एलान होते ही भाजपा समर्थक खुशी में झूमने लगे।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लख्मीचंद पटवारी कालेज खेकड़ा में गुरुवार की प्रात: आठ बजे मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन ईवीएम से गिनती का काम निर्धारित समय से करीब 20 मिनट देरी से शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा। रात्रि 11.30 बजे तक पोस्टल बैलेट पेपरों की गिनती हुई। उसके बाद मतों के गुना-जोड़ का काम चलता रहा। जिला प्रशासन रात के 12 बजे तक यह बताने की स्थिति में नहीं था कि भाजपा उम्मीदवार को कुल कितने वोट मिले। हालांकि, रात 12. 15 बजे जिला प्रशासन की तरफ से बताया गया कि भाजपा के डा. सत्यपाल सिंह की 23,502 मतों से जीत हुई है।
भाजपा उम्मीदवार को कुल 5,25,789 वोट मिले हैं, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी महागठबंधन के उम्मीदवार जयंत चौधरी को 5,02,287 वोट मिले। डीएम पवन कुमार ने कहा बागपत संसदीय सीट से भाजपा के डा. सत्यपाल सिंह ने जीत दर्ज कराई है। वहीं जीत का एलान होते ही भाजपाईयों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।