बागपत के MP सत्यपाल सिंह ने खोला कानून-व्यवस्था का सच, बोले- जिले में कट्टे लेकर घूमते हैं बच्चे
बागपत कलेक्ट्रेट में रविवार को सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि बागपत की कानून-व्यवस्था पर हम व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा नहीं दिला सकते हैं। यहां पर युवा पढऩे-लिखने के बाद भी हाथों में कट्टे लेकर घूमते हैं।
बागपत, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का सच बागपत के सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने खोल दिया है। मुंबई के पुलिस कमिश्नर रहे डॉ. सत्यपाल सिंह लगातार दूरी बार बागपत से सांसद चुने गए हैं। बागपत कलेक्ट्रेट में रविवार को उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि बागपत की कानून-व्यवस्था पर हम व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा नहीं दिला सकते हैं। यहां पर युवा पढ़ने-लिखने के बाद भी हाथों में कट्टे लेकर घूमते हैं। इस दौरान उन्होंने बागपत के नवनियुक्त डीएम राजकमल यादव को भी इस ओर ध्यान देने का निर्देश दिया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा बागपत से भाजपा के सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह कहा कि बागपत में युवक पढ़ने-लिखने के बाद भी हाथों में कट्टे लेकर घूम रहे हैं। वह पहले भी एसपी ओर पूर्व डीएम को भी कट्टों की गुंडागर्दी से अवगत करा चुके हैं। इसी कारण बाहर के उद्योगपति जनपद में नहीं आ पाते। जिस दिन देसी कट्टे लेकर घूमना बंद कर देंगे, उस दिन बेरोजगारी भी खत्म हो जाएगी और उद्योगपति भी यहां पर आना शुरू होंगे। उन्होंने कहा कि बागपत में आज भी पढऩे वाले बच्चों के हाथों में तमंचे हैं। वह लेकर चलते हैं और इसका असर यह होता है, कि उद्योगपति डर की वजह से यहां नहीं आ पाते।
उन्होंने इसके साथ ही अपने संसदीय क्षेत्र बागपत में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की। कार्यक्रम के मंच से उन्होंने कहा कि जिले में गुंडागर्दी अभी खत्म नही हुई है। यहां पर अभी भी बच्चे हाथों में कट्टे लेकर घूमते हैं, जिसकी वजह से व्यापार करने लिए लोग यहां आने तक को भी तैयार नही है। अब हम कैसे उन लोगों को भरोसा दिलाएं। उन्होंने कहा कि जिले में अच्छी सड़कें बनी हैं, लेकिन जब भी बागपत में व्यापार बढ़ाने के लिए व्यापारियों से बात होती हैं तो व्यापारी आने को तैयार नही हैं क्योंकि व्यापारी लोग बागपत की गुंडागर्दी से डरे हुए हैं। लोगों को नहीं मिलता और जिस दिन यह बंद हो जाएगा। उस दिन उद्योगपति भी आना शुरू हो कर देंगे।
बच्चों को अच्छे संस्कार देने की जरूरत: सांसद सत्यपाल सिंह ने कहा कि परिवारीजन के साथ शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों को जनपद के बच्चों को अच्छे संस्कार देने की जरूरत है। प्रयास करें वह ऐसी संगति में न आ पाए और जनपद में रोजगार स्थापित हो और बागपत बेरोजगारी के चंगुल से बाहर निकल सके।