नाव हादसा : भाभी का शव मिला, ननद की तलाश जारी Bagpat News
यमुना नदी में हुए नाव हादसे में तीसरे दिन भी ननद व भाभी की तलाश जारी हुआ। इस दौरान भाभी का शव बरामद हो गया है। जबकि एनडीआरएफ की टीम ननद की तलाश कर रही है।
बागपत, जेएनएन। यमुना नदी में नाव पलटने से डूबी ननद व भाभी की तलाश में सर्च अभियान चला रही एनडीआरएफ की टीम को सफलता मिली है। टीम को भाभी का शव मिल गया है। भाभी के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। इससे हादसे में मरने वालों की संख्या दो हो गई है। अभी ननद की तलाश को सर्च अभियान जारी है।
यह था मामला
गुरुवार की शाम यमुना नदी में हरियाणा के सोनीपत जिले के थाना जाजल से मजदूरी करके लौट रहे मजदूरों की नाव यमुना नदी में पलट गई थी। डूबने से युवती नसरीन की मौत हो गई थी। वहीं बाकी नौ को बचा लिया गया था। नाविक नाव से कूदकर हरियाणा की ओर फरार हो गया था। भाभी राजेश व ननद मोनी का पता नहीं चल पा रहा था। एनडीआरएफ की टीम स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर ननद व भाभी की तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार की शाम एनडीआरएफ की टीम वापस गाजियाबाद लौट गई थी, वहीं एसडीआरएफ की टीम का सर्च अभियान जारी था।
एनडीआरफ ने ऐसे खाजा शव
शनिवार की सुबह एनडीआरएफ की टीम को यमुना नदी में सुभानपुर गांव के निकट भाभी राजेश का शव मिला है। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया है। राजेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। हालाकि ननद मोनी की तलाश में सर्च अभियान जारी है। वहीं डीएम शकुंतला गौतम ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए है। साथ ही युवती के परिजनों को चार लाख रुपये व डूबने से बचे सभी नौ लोगों को 4300-4300 रुपये की आर्थिक मदद की गई है। वहीं पुलिस ने अभी तक नाविक के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
कुत्ते नोच रहे थे शव
सुभानपुर गांव के निकट यमुना नदी किनारे शनिवार की सुबह आवारा कुत्ते एक महिला के शव को नोच रहे थे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाया और प्रशासन को सूचना दी। इस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया।