बागपत: सड़क बनी पार्किंग, बेतरतीब खड़े वाहनों से लगता है जाम; लोगों को हो रही परेशानी
बागपत के बड़ौत तहसील परिसर में 20 लाख रुपये की लागत से बनी नई सड़क अनाधिकृत पार्किंग स्थल बन गई ...और पढ़ें

HighLights
बड़ौत तहसील में 20 लाख की लागत से बनी नई सड़क।
सड़क अनाधिकृत पार्किंग स्थल में बदली, जाम की समस्या।
संवाद सहयोगी, बड़ाैत (बागपत)। बड़ाैत तहसील परिसर में आवागमन को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका की ओर से लगभग 20 लाख रुपये की धनराशि से 20 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया गया था।
राहगीरों और फरियादियों की सहूलियत के लिए बनाई गई सड़क अनाधिकृत पार्किंग में तब्दील हो चुकी है। सड़क पर दिनभर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण जाम लगा रहता है।
तहसील में प्रशासनिक, राजस्व और रजिस्ट्री से जुड़े कार्यों के लिए रोजाना सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। पहले बनी सड़क पर तो जाम लगा ही रहता था, लेकिन अब इस नई सड़क पर गाड़ियों का कब्जा रहता है। जिसके कारण बाइक सवारों व पैदल फरियादियों को निकलने में परेशानी होती है।
दूरदराज के गांवों से बाइक पर आने वाले फरियादियों को कार्यालय तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।लोगों का कहना है कि नगर पालिका ने धनराशि खर्च कर सड़क तो बनवा दी, लेकिन यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और पार्किंग को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
प्रशासन की अनदेखी के चलते वाहन चालक बिना किसी परवाह के सड़क के दोनों ओर गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन ने बेतरतीब पार्किंग पर रोक नहीं लगाई गई, तो लाखों रुपये से बनी इस सड़क का राहगीरों को कोई लाभ नहीं होगा।
लोगों ने तहसील प्रशासन से जल्द से जल्द नो-पार्किंग क्षेत्र चिन्हित करने और व्यवस्था में सुधार लाने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। वहीं, एसडीएम बालकृष्ण सिंह ने बताया कि सड़क पर गाड़ियों के खड़े रहने से परेशानी हाेती है। बरसात के उपरांत शीघ्र ही तहसील के मैदान में पार्किंग बनवाकर समस्या का हल कराया जाएगा।
