विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दोघट-टीकरी मार्ग हुआ जर्जर... बड़े व भारी वाहन तो छोड़िए, छोटे वाहनों का चलना भी हुआ दूभर

By Veerpal Pal Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 29 May 2026 05:53 PM (IST)

बागपत में टीकरी-दोघट मार्ग पिछले एक साल से जर्जर हालत में है, जिससे छोटे-बड़े वाहनों का चलना भी दूभर हो ...और पढ़ें

दोघट-टीकरी का जर्जर मार्ग। जागरण

दोघट-टीकरी का जर्जर मार्ग। जागरण

HighLights

  1. टीकरी-दोघट मार्ग एक साल से जर्जर हालत में।

  2. छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन हुआ बेहद मुश्किल।

  3. पीडब्ल्यूडी ने जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया।

संवाद सूत्र, दाहा (बागपत)। टीकरी-दोघट मार्ग का हाल बदहाल है। इसकी खस्ता हालत के कारण बड़े व भारी वाहनों को तो छोड़िए, छोटे वाहनों का चलना भी दूभर हो गया है। शिकायत के बावजूद मार्ग निर्माण नहीं हो पा रहा है। यह मार्ग मुजफ्फरनगर व शामली जनपद के गांवों के साथ ही बुढ़ाना-कांधला मार्ग को भी जोड़ता है।

करीब 50 हजार की आबादी वाली नगर पंचायत टीकरी एवं दोघट को जोड़ने वाले टीकरी मार्ग की हालत करीब एक वर्ष से जर्जर बनी है। इस मार्ग पर बड़े वाहनों का तो दूर छोटे एवं दुपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो रहा है। मार्ग में उखड़ी रोड़ी पर आए दिन दुपहिया वाहन फिसलकर गिरने से वाहन चालक एवं सवार घायल हो रहे हैं। पुसार-किशनपुर बराल मार्ग से यह मार्ग दोघट कस्बे के बाहरी छोर से निकलकर टीकरी कस्बे में जाता है, जहां से एक मार्ग असारा होता हुआ एलम-कांधला-शामली चला जाता है।

टीकरी से दूसरा मार्ग बिराल, सैनपुर होता हुआ बुढ़ाना-मुजफ्फरनगर से जुड़ जाता है। इसी कारण इस मार्ग पर निजी वाहनों का काफी आवागमन रहता है। क्षेत्रवासियों ने इस मार्ग का निर्माण कराने की कई बार शिकायत भी की, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया है। वहीं, इस संबंध में अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी संजय कुमार तेवतिया का कहना है कि यह मार्ग विभाग के संज्ञान में है। इस मार्ग निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।