मुस्लिम बच्चों पर हिन्दू समुदाय के बच्चों को पानी की बोतल में पेशाब मिलाकर पिलाने का आरोप, बिफरे स्वजन... खूब हुआ हंगामा
बागपत के ढिकौली गांव में एक प्राथमिक विद्यालय में हिन्दू बच्चों ने मुस्लिम बच्चों पर पानी की बोतल में पेशाब ...और पढ़ें

ढिकौली गांव के प्राथमिक विद्यालय नं. दो पर हंगामा करते स्वजन को समझाती पुलिस। जागरण
HighLights
ढिकौली गांव के प्राथमिक विद्यालय नं. दो का मामला
पीड़ित बच्चों के स्वजन ने स्कूल में खूब हंगामा किया
पुलिस ने मौके पर पहुंच मुश्किल से मामला शांत किया
संवाद सूत्र, जागरण, चांदीनगर (बागपत)। ढिकौली गांव के प्राथमिक विद्यालय नं. दो में पढ़ने वाले हिन्दू समुदाय के बच्चों ने मुस्लिम समुदाय के बच्चों पर पानी की बोतल में पेशाब मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित बच्चों के स्वजन ने विद्यालय में खूब हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच मुश्किल से मामला शांत कराया।
ढिकौली के रवि कुमार का छह वर्षीय बेटा और दो बेटियां कक्षा एक और कक्षा दो में पढ़ती हैं। रवि कुमार का आरोप है कि उनके साथ पढ़ने वाले मुस्लिम समुदाय के कक्षा दो, कक्षा 4 व कक्षा तीन में पढ़ने वाले बच्चों ने लंच के समय जब उनके बच्चे बाहर खेल रहे थे, तो आरोप है कि पानी की बोतल में पेशाब मिला दिया, जिसे पीने से बच्चों की तबियत खराब हो गई। बच्चों ने स्वजन को इसकी जानकारी दी।
गुरुवार को स्वजन ने मामले की शिकायत प्रधानाचार्य युद्धबीर सिंह से की। स्कूल प्रशासन ने अपने स्तर से जांच की और पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार को पीड़ित बच्चों के स्वजन सुबह प्राथमिक विद्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया। स्वजन का आरोप है कि यह बच्चों की सोच नहीं है, इसके पीछे किसी मौलाना या हाफिज का हाथ है जो हिन्दू बच्चों का धर्म भ्रष्ट करना चाहते हैं। सूचना पर सीओ रोहन चौरसिया और थाना प्रभारी अतर सिंह मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे स्वजन को समझा कर शांत किया। रवि कुमार ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है। थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि मुस्लिम बच्चों पर हिंदू बच्चों को पानी में पेशाब मिलाकर पिलाने का आरोप है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
