बागपत सांसद ने विकास कार्यों पर अफसरों को लगाई फटकार, नहीं चलेगी आंकड़ों की बाजीगरी
सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने बागपत में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आंकड़ों के खेल से बचने और आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

कलक्ट्रेट सभागार में दिशा की बैठक लेते सांसद डाॅ. राजकुमार सांगवान व अन्य जनप्रतिनिधि। जागरण
HighLights
सांसद ने विकास कार्यों में आंकड़ों के खेल पर जताई नाराजगी।
दाहा-बरनावा मार्ग का नाम बलिदानी अभिनव चौधरी पर रखने का प्रस्ताव।
डौला पुल, गुफा मंदिर हाईवे चौड़ीकरण समेत कई प्रस्तावों के निर्देश।
जागरण संवाददाता, बागपत। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में सांसद डा. राजकुमार सांगवान ने विकास कार्यों को लेकर तीखे तेवर दिखाए। अफसरों से बोले कि आंकड़ेबाजी में उलझने के बजाय विकास व योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाएं। अधिकारियों को प्रोटोकाल का ध्यान रखने की नसीहत दी।
सांसद की अध्यक्षता में शनिवार शाम कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में भाजपा विधायक योगेश धामा तथा विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र सिंह, डीएम अस्मिता लाल और सीडीओ अनिल कुमार समेत तमाम अधिकारियों ने भाग लिया।
13 बच्चों पर 11 टीचर है... ऐसा नहीं चलेगा
सांसद ने केंद्रीय विद्यालय के लिए जमीन का प्रस्ताव नहीं मिलने पर डीआइओएस से कहा कि एक स्कूल में 13 बच्चों पर 11 टीचर है... ऐसा नहीं चलेगा। बाद में पूछने पर सांसद ने स्कूल का नाम बताने के बजाय सवाल टाल दिया।
डीसीओ से नाराजगी जताई कि एक जनप्रतिनिधि ने जिस कर्मचारी की सिफारिश की आपने उसे नोटिस जारी कर राजनीतिक प्रेशर डलवाने का मामला बता नोटिस जारी कर दिया। चौहल्दा में सड़क के गड्ढे भरवाने, डौला में नया चौड़ा पुल बनवाने, खेकड़ा शहर को जाम से छुटकारा दिलाने, स्टेडियम की बदहाली दूर कराने को प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
दाहा-बरनावा मार्ग का नाम बदलने को कहा
गुफा मंदिर पर होली-दीपावली पर जाम से छुटकारा दिलाने के लिए वहां दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण व फुटओवर ब्रिज का प्रस्ताव उपलब्ध कराने, दाहा-बरनावा मार्ग का नाम बलिदानी स्क्वाड्रन लीडर अभिनव चौधरी के नाम पर रखने की कार्रवाई के लिए कहा। सिंचाई एक्सईएन, जल निगम एक्सईएन तथा सीएमओ से नाराजगी जताई।
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन ने बताया कि जिले में 87.404 किमी सड़कों एंव पुलों के निर्माण के लिए 260.82 करोड़ रुपये है। सेतु निगम ने चार पुलों के निर्माण के लिए 140 करोड़ रुपये के प्रस्ताव शासन को भेजे हैं। 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र दिए गए।
निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से डीएम अस्मिता लाल की पहल पर तैयार किए विशेष प्लान का बैठक में विमोचन किया। सीडीओ अनिल कुमार सिंह, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा मौजूद रहे।
