विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

23 साल पुरानी मस्जिद पर बुलडोजर चलाने की तैयारी, महिलाओं ने योगी से लगाई थी गुहार, अब कार्रवाई शुरू

Published: Mon, 24 Aug 2026 08:17 PM (IST)

बागपत के बड़ौत स्थित कमलानगर मस्जिद को विकास प्राधिकरण ने नोटिस जारी किया है, जिसमें मानचित्र न प्रस्तुत करने पर सील या ध्वस्त करने की चेतावनी दी गई है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. बड़ौत की कमलानगर मस्जिद को विकास प्राधिकरण का नोटिस मिला।

  2. मानचित्र न देने पर मस्जिद को सील या ध्वस्त किया जाएगा।

  3. महिलाओं और हिंदू संगठनों के विरोध के बाद हुई कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, बागपत। बड़ौत के कमलानगर में स्थित मस्जिद पर विकास प्राधिकरण ने नोटिस चस्पा कर दिया है। प्राधिकरण के सचिव ने मस्जिद संचालक को मानचित्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

यह चेतावनी भी दी है कि यदि मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया जाता तो मस्जिद के भवन को सील या ध्वस्त कर दिया जाएगा। 19 अगस्त को नोटिस चस्पा हुआ था, इसलिए मानचित्र प्रस्तुत करने में दो दिन का समय बाकी बचा है।

महिलाओं ने दिया था धरना

कमलानगर में 19 जून को कुछ महिलाओं ने मस्जिद के बाहर गली में धरना देकर प्रदर्शन शुरू करते हुए अपने घरों के बाहर 'योगी जी हमारी सुरक्षा करो' लिखे पंफलेट लेकर धरना दिया था। घरों पर मकान बिकाऊ है के पोस्टर भी चस्पा किए थे।

महिलाओं का आरोप था कि मस्जिद में आने वाले कुछ बाहरी लोगों के कारण मुहल्ले में महिला और पुरुषों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे गली में आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। यह भी आरोप लगाया था कि 23 साल पुरानी मस्जिद का नक्शा विकास प्राधिकरण से स्वीकृत नहीं कराया गया।

उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर तहसील में प्रदर्शन करते हुए मस्जिद के भवन की जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। निर्वतमान एसडीएम ने पूरे मामले का संज्ञान लिया था।

विकास प्राधिकरण के सचिव एवं एडीएम की ओर से 19 अगस्त को इस्लाम निवासी कमलानगर के नाम मस्जिद के दरवाजे पर नोटिस चस्पा किया गया, जिसमें निर्देश दिए गए हैं कि विकास प्राधिकरण की ओर से भवन का स्वीकृत मानचित्र एक सप्ताह में प्राधिकरण के कार्यालय में प्रस्तुत किया जाए, अन्यथा यह माना जाएगा कि इस भवन का मानचित्र स्वीकृत नहीं है। इस पत्र को अंतिम अवसर मानते हए भवन को सील या ध्वस्त करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

वहीं, मस्जिल के संचालक इस्लाम का कहना है कि उनके पास मस्जिद का मानचित्र है, वह सोमवार को विकास प्राधिकरण के कार्यालय में प्रस्तुत कर देंगे। यह बात उनकी जानकारी में है कि मस्जिद के बाहर नोटिस लगाया गया है।

उधर, विहिप के जिलाध्यक्ष यशपाल शास्त्री ने बताया कि मस्जिद को लेकर तहसील में प्रदर्शन किया था। एसडीएम को ज्ञापन देकर मांग की थी कि यदि मस्जिद वैध है तो ठीक है, अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई अमल में लाई जाए।