पत्नी को मृत बताकर प्रेमिका से किया निकाह, सच्चाई खुलते ही घर पर हंगामा, बागपत में भंडाफोड़
लोनी की एक महिला अपने पति की तलाश में बागपत के एक गांव पहुंची, जहां उसे पता चला कि उसके ...और पढ़ें

HighLights
व्यक्ति ने पहली पत्नी को मृत बताकर दूसरी शादी की।
दूसरी पत्नी ने पति की पहली पत्नी को जीवित पाया।
सच्चाई सामने आने पर बागपत के गांव में हंगामा हुआ।
जागरण संवाददाता, बागपत। अमीनगर सराय क्षेत्र के एक गांव में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब लोनी निवासी एक महिला अपने चार बच्चों के साथ पति की तलाश में उसके गांव पहुंची और वहां उसकी पहली पत्नी को जीवित देखकर हैरान रह गई। महिला का आरोप है कि व्यक्ति ने अपनी पत्नी को मृत बताकर उससे निकाह किया और कई माह तक साथ रहने के बाद उसे धोखा देकर गांव लौट आया।
महिला ने बताया कि वह ट्रॉनिका सिटी स्थित एक जींस फैक्ट्री में काम करती है। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसी फैक्ट्री में कार्यरत सिंघावली क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति से उसकी पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।
महिला का कहना है कि उसने अपने पति की मृत्यु होने की जानकारी दी थी, जबकि व्यक्ति ने भी अपनी पत्नी के निधन की बात कहकर तीन बच्चों का पिता होने की जानकारी दी। दोनों करीब छह माह तक साथ रहे और लगभग आठ माह पहले निकाह कर लिया।
आरोप है कि कुछ दिन पहले व्यक्ति ने बहाने से महिला का लोनी स्थित मकान भी बिकवा दिया और चार दिन पूर्व किसी काम का हवाला देकर गांव चला आया। इसके बाद उसने मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। रविवार को महिला अपने चार बच्चों के साथ उसके गांव पहुंची तो वहां उसकी पत्नी को जीवित देखकर सच्चाई सामने आ गई।
आरोप है कि महिला द्वारा सवाल पूछने पर व्यक्ति और उसकी पत्नी कोल्ड ड्रिंक लेने का बहाना बनाकर घर से निकल गए और वापस नहीं लौटे। इसके बाद महिला और उसके स्वजनों ने घर के बाहर जमकर हंगामा किया। महिला का कहना है कि उसे पहली पत्नी से कोई आपत्ति नहीं है और वह केवल अपने साथ हुए धोखे का जवाब चाहती है।
वहीं, मामले की चर्चा पूरे गांव में बनी हुई है। डौला चौकी प्रभारी रजत ढाका ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई लिखित शिकायत या सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
