बागपत में 'दुनिया तेरी छोड़ चला' का स्टेटस लगा युवक ने की आत्महत्या, जबरन निकाह से था परेशान
बागपत में एक युवक ने 'दुनिया तेरी छोड़ चला' स्टेटस लगाकर आत्महत्या कर ली। स्वजनों का आरोप है कि जबरन ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
युवक ने 'दुनिया तेरी छोड़ चला' स्टेटस लगाकर आत्महत्या की।
जबरन निकाह, दुष्कर्म आरोप व पांच लाख रुपये की मांग से परेशान।
पुलिस की भूमिका पर सवाल, स्वजनों ने हत्या की आशंका जताई।
जागरण संवाददाता, बागपत। पंचायत में पिटाई के बाद युवक ने वाट्सएप पर 'दुनिया तेरी छोड़ चला' गाने का स्टेटस लगाकर आत्महत्या कर ली। स्वजन का आरोप है कि 14 दिन पहले युवक पर करीबी युवती से दुष्कर्म का आरोप लगाकर पुलिस की मौजूदगी में जबरन निकाह कराया गया था। सोमवार को नाखुश दंपती के तलाकनामे को भी पंचायत में फाड़ दिया गया। युवक से पांच लाख रुपये की मांग की गई। युवक व उसकी शादीशुदा बहन की पिटाई भी की गई थी।
कपड़ों पर प्रेस करने वाले 22 वर्षीय आरिश का शव सोमवार देर रात घर में पंखे पर रस्सी से लटका मिला। आरिश के बहनोई सलीम ने बताया कि उसका निकाह तय हो गया था। कुछ दिन पहले ही आरिश पर आरोप लगाया गया कि उसने एक युवती से दुष्कर्म किया, जिससे वह दो माह की गर्भवती है। निकाह नहीं करने पर दुष्कर्म में जेल भिजवाने की धमकी दी गई। युवक-युवती निकाह के लिए तैयार नहीं थे।
आरोप है कि युवती के स्वजन और गांव के कुछ लोगों ने दो पुलिसकर्मी के साथ मिलकर दोनों का आठ सितंबर को निकाह करा दिया था। सोमवार को दोनों का तलाकनामा लिखा गया, जिसका वीडियो प्रसारित हो रहा है। शाम को आरिश ने पंचायत बुलाकर परिवार की सहमति से तलाक का प्रयास किया। आरोप है कि युवती पक्ष के लोगों ने तलाकनामा फाड़ दिया और पांच लाख रुपये देने का फरमान सुनाया।
आरिश ने ढाई लाख रुपये देने की बात कही, लेकिन वे लोग नहीं माने। सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि युवक ने आत्महत्या की है। पुलिस की मौजूदगी में जबरन निकाह होने की बात सामने नहीं आई है। तहरीर मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। सलीम का आरोप है कि आरिश को दो माह से प्रताड़ित किया जा रहा था।
दुकानदार के बकाया रुपये लौटाए। लोगों को बोलता था कि जल्द दुनिया से चला जाऊंगा। इससे लगता है कि आरिश ने आत्महत्या की है, लेकिन फंदे पर लटके हुए आरिश के हाथ पीछे बंधे हुए मिले। इससे हत्या की भी आशंका है।
