बागपत: मंदिर में अंगुली काटकर शिवलिंग पर खून टपका रहा था युवक, विरोध किया तो दो युवकों के पीछे ब्लेड लेकर भागा
बिनौली गांव के प्राचीन शिव मंदिर में एक युवक ने अपनी अंगुली काटकर शिवलिंग पर खून टपकाया, जिसे देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

बिनौली थाने में तमंचे के साथ पकड़ा गया आरोपित कपिल
HighLights
बिनौली मंदिर में युवक ने अंगुली काटकर खून चढ़ाया।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने युवक को पकड़ा।
मनोरोगी युवक तमंचे के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने चालान किया।
संवाद सूत्र, बागपत। बिनौली गांव के प्राचीन शिव मंदिर में गुरुवार रात एक साइको युवक घुस गया। शक होने पर दो युवकों ने अंदर जाकर देखा तो वह अपनी अंगुली काटकर शिवलिंग पर खून टपका रहा था। युवकों की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर भाग गया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने युवक को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया।
बिनौली गांव निवासी सुरेश का 26 वर्षीय पुत्र कपिल रात करीब 10 बजे बड़ौत-मेरठ मार्ग के पास तालाब किनारे स्थित प्राचीन शिव मंदिर में घुस गया, जिसको गांव के ही दो युवकों मोनू व रोहित ने देख लिया।
साइको है आरोपी
जब वह काफी देर तक मंदिर से बाहर नहीं आया तो उन्हें शक हुआ, जिसके बाद दोनों युवक मंदिर में अंदर गए तो वहां का नजारा देखकर हतप्रभ रह गए। कपिल वहां अपनी अंगुली ब्लेड से काटकर बह रहा खून शिवलिंग पर टपका रहा था।
दोनों युवकों ने उसे ऐसा करने से रोका तो वह ब्लेड लेकर उनके पीछे भाग लिया। युवकों ने बाहर आकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही वह भाग गया।
उधर, थाना पुलिस ने सुबह आरोपित को पकड़ लिया। जिसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा व एक कारतूस भी बरामद हुआ है। स्वजन ने बताया कि युवक मनोरोगी है। प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार शर्मा का कहना है कि आरोपित युवक साइको है, जिसको गिरफ्तार कर चालान किया गया है।
