विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागपत में बिना डॉक्टर के चल रहा अस्पताल सील, संचालिका पर मुकदमा दर्ज, डीएम के निर्देश पर कार्रवाई

Published: Fri, 10 Apr 2026 12:14 PM (IST)

बागपत में डौला सीएचसी के पास अवैध रूप से चल रहे राणा अस्पताल को डीएम के निर्देश पर सील कर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. डौला सीएचसी के पास अवैध राणा अस्पताल सील, मरीजों से खिलवाड़।

  2. बिना डॉक्टर, प्रशिक्षित स्टाफ और पंजीकरण के चल रहा था।

  3. संचालिका राखी राणा पर एफआईआर दर्ज, प्रशासन की कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, बागपत। सीएचसी डौला के पास बिना किसी डाक्टर, प्रशिक्षित स्टाफ और पंजीकरण के निजी अस्पताल चल रहा था और मरीजों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा था।

डीएम के निर्देश पर जांच टीम यहां पहुंची तो एक मरीज भर्ती मिला। संचालिका और वहां मौजूद स्टाफ ने टीम पर रौब गालिब करने का प्रयास किया। टीम ने अस्पताल को सील करते हुए संचालिका के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है।

बुधवार को एसडीएम अमरचंद वर्मा के नेतृत्व में बागपत सीएचसी अधीक्षक विभाष राजपूत तथा पिलाना सीएचसी अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी सुधीर शर्मा की संयुक्त टीम ने राणा अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल की मुख्य संचालिका राखी राणा निवासी सिसौली जनपद मुजफ्फरनगर मौके पर अनुपस्थित मिलीं। अस्पताल में मौजूद वर्षा निवासी डौला व खुशी निवासी सरधना जनपद मेरठ से जब चिकित्सकीय योग्यता व पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सकीं।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अस्पताल का कोई वैध पंजीकरण नहीं है। इससे स्पष्ट हुआ कि राणा अस्पताल अवैध रूप से संचालित हो रहा था, जिससे क्षेत्रीय लोगों के साथ धोखाधड़ी होने के साथ ही उनके जीवन को भी खतरे में डाला जा रहा था।

नोडल अधिकारी सुधीर शर्मा ने संचालिका राखी राणा के खिलाफ सिंघावली अहीर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी मनोज चाहल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

किसकी शह पर चल रहा था अस्पताल

यह अस्पताल काफी समय से सीएचसी के पास संचालित हो रहा था। प्रशासन के पास इसकी शिकायत पहुंची तब टीम गठित की गई और छापेमारी की। टीम पर चारों तरफ से कार्रवाई न करने के लिए दबाव भी डाला गया। सवाल यह है कि स्वास्थ्य विभाग में किसकी शह पर यह अस्पताल चल रहा था।