पिता के साथ बेड पर सो रही किशोरी को सांप ने डसा, प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के लिए रेफर करना पड़ा
बागपत में पिता के साथ सो रही 11 वर्षीय किशोरी और घर में खेल रहे 10 वर्षीय बालक को सांप ...और पढ़ें

अस्पताल में भर्ती अंशिका। सौ. स्वजन
HighLights
बागपत में पिता के साथ सो रही किशोरी को सांप ने डसा।
घर में खेल रहे बालक को भी सांप ने पैर में डसा।
दोनों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, बागपत। मकान के प्रथम तल पर पिता के साथ बेड पर सोते समय बालिका को सांप ने डस लिया। इसके अलावा सरूरपुर में एक बच्चे को मकान में खेलते समय सांप ने पैर में डस लिया। चिकित्सक ने दोनों को एंटी स्नेक वेनम के 10-10 इंजेक्शन लगाकर रेफर किया। अग्रवाल मंडी टटीरी निवासी अमित कुमार ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी बेटी 11 वर्षीय अंशिका कक्षा छह में पढ़ती है। वह और उनकी बेटी गुरुवार रात मकान के प्रथम तल पर कमरे में बेड पर सोए हुए थे।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे अंशिका जोर से चिल्लाई। इससे उनकी नींद टूट गई, वह अंशिका को लेकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने अवगत कराया कि बेटी के हाथ पर सांप ने डसा है। उपचार के बाद रेफर करने पर अंशिका को मेरठ मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है, फिलहाल उपचार चल रहा है। मकान के पीछे एक भवन का निर्माण कार्य चल रहा है, इसी वजह से सांप कमरे तक पहुंचा, एक बिल भी कमरे में दिखाई दिया है, जिसमें सांप घुसा है।
उधर, इसके अलावा ग्राम सरूरपुर कलां निवासी आस मोहम्मद का बेटा 10 वर्षीय चांद मकान में खेल रहा था। इसी दौरान सांप ने बालक के पैर में डस लिया। स्वजन बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। उसका उपचार किया गया। इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डा. विजय प्रकाश का कहना है कि दोनों को एंटी स्नेक वेनम के 10-10 इंजेक्शन लगाकर मेरठ मेडिकल कालेज अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
