विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागपत में कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम में गुटबाजी, राष्ट्रीय सचिव के सामने नोकझोंक और हंगामा

Published: Sun, 23 Aug 2026 11:50 PM (GMT+05:30)

बागपत के छपरौली में कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम में पार्टी की गुटबाजी खुलकर सामने आई। राष्ट्रीय सचिव सुभाषिनी यादव ...और पढ़ें

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव के सामने भिड़े पार्टी के दो गुट।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव के सामने भिड़े पार्टी के दो गुट।

HighLights

  1. छपरौली में कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम में विवाद।

  2. राष्ट्रीय सचिव सुभाषिनी यादव के सामने हुई नोकझोंक।

  3. गुटबाजी से नाराज होकर सचिव कार्यक्रम छोड़ गईं।

संवाद सूत्र, छपरौली। कस्बे के चौधरी चरण सिंह फार्म हाउस में रविवार को कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम में पार्टी की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। जिलाध्यक्ष और बड़ौत शहर अध्यक्ष के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं संगठन सृजन प्रभारी सुभाषिनी यादव के सामने नोकझोंक हो गई।

दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज तक की नौबत पहुंच गई। अव्यवस्था से नाराज सुभाषिनी यादव कार्यक्रम बीच में छोड़कर चली गईं।

कार्यक्रम में ब्लाक के पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। इसी दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष यूनुस चौधरी व उनके बेटे रोहित चौधरी तथा पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार सिंह, उनके भतीजे और बड़ौत शहर अध्यक्ष रामहरि पंवार के बीच राष्ट्रीय सचिव से पहले मिलने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और हंगामा शुरू हो गया।

यह देखकर सभी कार्यकर्ता अपनी सीटों से खड़े हो गए। हंगामा देखकर सुभाषिनी यादव ने कार्यक्रम की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्यक्रम व्यवस्थित नहीं था।

इसके बाद वह कार्यक्रम को बीच में ही छोड़कर चली गईं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष लव कश्यप, पूर्व शहर अध्यक्ष राकेश शर्मा, मोहम्मद परवेज, इरशाद आलम, मदन, रविंद्र तोमर, अशोक शर्मा आदि मौजूद रहे।

यूनुस चौधरी बोले-मामूली बात को दिया तूल

पूर्व जिलाध्यक्ष यूनुस चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय सचिव से मिलने को लेकर मामूली बात हो गई थी। इसे ज्यादा तूल दिया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कोई बड़ा विवाद नहीं था।

रामकुमार सिंह बोले-मेरे पहले मिलने पर नाराज हुए यूनुस

पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार सिंह ने कहा कि वह पहले राष्ट्रीय सचिव सुभाषिनी यादव से मिलकर आए थे। उनका कहना है कि यह बात यूनुस चौधरी को हजम नहीं हुई और इसी को लेकर हंगामा किया गया।