जैसे बकरियों को मार डाला, वैसे ही तुझे भी मार डालेंगे... सात बकरियों को मारने के बाद पशुपालक को दी धमकी
बड़ौत के कोताना गांव में पशुपालक खुर्शीद की सात बकरियों को धारदार हथियार से मार डाला गया, जिसमें तीन बच्चे ...और पढ़ें

बड़ौत के गांव कोताना में मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़। जागरण
HighLights
कोताना गांव में सात बकरियों की निर्मम हत्या।
पशुपालक और पत्नी को जान से मारने की धमकी।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। कोताना गांव में पशुपालक के घेर में बंधीं सात बकरियों को धारदार हथियार से वार कर मार डाला गया। मृत बकरियों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद घेर के पास पहुंचे पशुपालक और उसकी पत्नी को भी अज्ञात लोगों ने धमकी दी कि जिस तरह बकरियों को मार डाला, उसी तरह ही जान से मार देंगे सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
खुर्शीद पुत्र वहीद निवासी कोताना ने बताया कि उसके घेर में नौ बकरियां बंधी थीं। इनमें पांच बकरी के बच्चे थे। रात करीब 11 बजे वह घेर पर पहुंचा तो वहां बकरियों के शव इधर-उधर पड़े थे। सात बकरियों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक घायल बच्चा सुबह जीवित मिल गया। एक अन्य बच्चा गायब था। मृत बकरियों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है।
पेंचकस और सुआ से वार करने का आरोप
खुर्शीद के मुताबिक बकरियों के शरीर पर धारदार औजार से वार किए गए हैं। उसने आशंका जताई कि आरोपितों ने पेंचकस और सुआ जैसे औजारों से हमला किया। कुछ बकरियों की गर्दन टूटी हुई मिली। घटना के दौरान घेर का गेट बाहर से बंद था।
पांच भैंसों को नहीं पहुंचाया नुकसान धमकी
घेर में पांच भैंस भी बंधी थीं, लेकिन हमलावरों ने उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। खुर्शीद ने बताया कि घटना के बाद रात तीन बजे पांच अज्ञात लोग घेर के पास पहुंचे और उसे तथा उसकी पत्नी किला को भी बकरियों की तरह मार डालने की धमकी दी। इससे परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पशुपालक से जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पशुओं की हत्या के पीछे रंजिश या अन्य कारणों को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।
