विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागपत में गंदे पानी की निकासी नहीं होने से सड़क गड्ढों में तब्दील, दोपहिया वाहन चालक हो रहे चोटिल

By Omdutt Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 26 May 2026 07:17 PM (IST)

बागपत के कुरड़ी गांव में टांडा-छपरौली मार्ग पर गंदे पानी की निकासी न होने से जलभराव और गहरे गड्ढे हो ...और पढ़ें

बागपत के कुरड़ी गांव में सड़क पर बने गड्ढों में बहता गंदा पानी। जागरण

बागपत के कुरड़ी गांव में सड़क पर बने गड्ढों में बहता गंदा पानी। जागरण

HighLights

  1. गंदे पानी की निकासी न होने से सड़क क्षतिग्रस्त।

  2. ग्रामीणों के शिकायत करने पर भी नहीं हुआ समाधान

संवाद सूत्र, छपरौली (बागपत)। कुरड़ी गांव में टांडा-छपरौली मार्ग पर गांव के गंदे पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर जलभराव हो गया है। वाहन गुजरने से सड़क क्षतिग्रस्त होकर गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।

छपरौली-टांडा मार्ग पर सड़क के दोनों ओर गांव के गंदे पानी की निकासी के लिए बनाए गए नालों में कई महीनों से गंदगी भरी होने के कारण मार्ग अवरुद्ध है। ग्रामीण अनिल कुमार, सुरेश पाल, जमील, देशपाल, मोहित, विनोद, रहमान आदि ने बताया कि समय पर नालों की सफाई नहीं होने के कारण गांव का गंदा पानी सड़क पर भरा रहता है।

वाहनों के गुजरने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई और मार्ग में गहरे गड्ढे हो गए। यहां से करीब 200 मीटर की दूरी पर हरियाणा-यूपी को जोड़ने वाले यमुना नदी पर बने पुल से प्रतिदिन हजारों की संख्या में दुपहिया और चार पहिया वाहन चालक हरियाणा व यूपी की ओर आवागमन करते हैं।

इनमें अधिकतर दो पहिया वाहन चालकों को सड़क पर भरे गंदे पानी से सड़क में हो रहे गहरे गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिस कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

साथ ही ग्रामीणों को भी अपने खेतों की आने-जाने के लिए भी काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। ग्राम प्रधान ओमपाल सिंह ने बताया कि ग्रामीण घरों से निकलने वाला कूड़ा-करकट सड़क किनारे डाल देते हैं, जो धीरे-धीरे नालों में भर जाता है। जल्दी नालों की सफाई कराकर सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा। पीडब्लूडी के एक्सईएन अतुल कुमार का कहना है कि इस मार्ग को कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। बजट आने पर इसका निर्माण कराया जाएगा।