अपराधियों की कुंडली खंगालने में जुटी पुलिस
बागपत जेएनएन। विधानसभा चुनाव-2022 का बेशक बिगुल न बजा हो लेकिन पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने श्
बागपत, जेएनएन। विधानसभा चुनाव-2022 का बेशक बिगुल न बजा हो, लेकिन पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए अपराधियों की कुंडली खंगाली जा रही है, ताकि चुनाव में गड़बड़ी न कर सके। दो हजार अपराधियों पर शिकंजा कसा जा चुका है। इसके लिए पुलिस संगठित अपराधियों पर नजर रख रही है। गांव-गांव में गड़बड़ी करने वालों की भी पुलिस सूची तैयार करेगी। बागपत में चुनाव के समय अधिकांश लड़ाई-झगड़े होते हैं। इससे अव्यवस्था उत्पन्न हो जाती है। फर्जी वोट का आरोप लगाकर लोग हंगामा करते हैं। इससे अव्यवस्था उत्पन्न होती है। इस तरह की घटना आगामी चुनाव में न हो जाए, इसके लिए पुलिस तैयारियों में लगी हुई है। जनपद की भौगोलिक स्थिति का जायजा किया जा रहा है। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अफसर संयुक्त रूप से मतदान केंद्रों की जांच कर रहे हैं। अपराधियों व खुराफातियों को चिह्नित किया जा रहा है। दूसरे जनपद व राज्यों के अपराधियों पर भी नजर है। उनकी वर्तमान गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है। अपराधियों के संपर्क के लोगों के बारे में भी जानकारी की जा रही है। इसमें हल्का इंचार्ज व बीट कांस्टेबल लगे हुए है। गोपनीय रूप से भी पुलिस टीम कार्य कर रही है। एसपी नीरज कुमार जादौन व एएसपी मनीष कुमार मिश्र खुद फीडबैक ले रहे हैं।
---
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपराधियों व खुराफातियों को चिन्हित किया जा रहा है। इनमें से करीब दो हजार के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्ण कराया जाएगा।
- मनीष कुमार मिश्र, एएसपी।