नव वर्ष पर हुड़दंग मचाया तो जाएंगे जेल
नव वर्ष की आड़ में हुड़दंड मचाने वालों की खैर नहीं। यदि किसी ने ऐसा किया तो पुलिस उनको गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। पुलिस ने नव वर्ष की पूर्व संध्या पर पैदल भ्रमण किया।
जागरण न्यूज नेटवर्क, बागपत : नव वर्ष की आड़ में हुड़दंग मचाने वालों की खैर नहीं। यदि किसी ने ऐसा किया तो पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। पुलिस ने नव वर्ष की पूर्व संध्या पर पैदल भ्रमण किया और सघन चेकिग अभियान चलाया।
नव वर्ष के आगमन पर जनपद में महिला-पुरुष व बच्चे हर साल जश्न मनाते हैं। इस साल भी जश्न की तैयारी चल रही है। मंगलवार को शाम होते ही कई स्थानों पर तो कार्यक्रम शुरू हो गए। कुछ लोग इसकी आड़ में हुड़दंग मचाते हैं। इसमें खुराफाती माहौल बिगाड़ने के प्रयास में रहते हैं, लेकिन इस बार पुलिस की इनकी हर गतिविधि पर नजर है। गांव-कस्बों के असामाजिक तत्वों को पुलिस ने चिह्नित कर रखा है। सादी वर्दी में पुलिसवाले उन पर नजर रखे हुए हैं। बागपत नगर, बड़ौत, खेकड़ा आदि स्थानों पर पुलिस व पीएसी ने पैदल भ्रमण किया।
एएसपी अनिल सिंह सिसौदिया अपील की है कि जनपदवासी नव वर्ष की खुशी आपसी सौहार्द से मनाए। कोई भी हुड़दंग न मचाए। यदि किसी ने ऐसा करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। शराब की दुकानों, होटल, ढ़ाबों, बाजारों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात मचाने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा।
----
शराब पीकर गाड़ी चलाने
वालों पर भी नजर
एआरटीओ सुभाष राजपूत व यातायात प्रभारी धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने राष्ट्रवंदना चौक पर वाहनों की चेकिग की। मशीन से देखा कि कोई शराब पीकर तो वाहन नहीं चला रहा है।
---
एंटी रोमियो स्क्वायड
कर रही भ्रमण
जिले में एंटी रोमियो स्क्वायड भ्रमण कर रही है, ताकि युवती, महिला से कोई छेड़छाड़ न कर सके।