हाईवे पर हादसों में बस के चालक समेत दो की मौत, कई घायल
दिल्ली-यमुनौत्री नेशनल हाईवे पर तीन अलग-अलग हादसों में बस के चालक समेत दो युवकों की मौत हुई तथा एक महिला समेत कई लोग घायल हुए।
बागपत, जेएनएन। दिल्ली-यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर तीन अलग-अलग हादसों में बस के चालक समेत दो लोगों की मौत गई तथा एक महिला समेत कई लोग घायल हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गुरुवार देर रात मुजफ्फरनगर के खतौली निवासी खालिद (30) पुत्र रियाजुद्दीन अपने ममेरे भाई सादिक (26) निवासी आरके पुरम दिल्ली के साथ कार से बुढ़ाना में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद दिल्ली जा रहे थे। हाईवे पर खेड़की गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस और लोगों ने मिलकर कार से दोनों युवकों को निकाला। उस समय खालिद की मौत हो चुकी थी, जबकि सादिक घायल हालत में मिला। पुलिस ने घायल सादिक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर सादिक को हायर हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया था। बाद में उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।
सरूरपुर चौकी प्रभारी एसआइ गजेंद्र सिंह का कहना है कि यह कार तेज रफ्तार से चल रही थी, खेड़की गांव में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। कार सवारों को इसका आभास नहीं था। इसी वजह से कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
इसके अलावा छपरौली क्षेत्र के सिनौली गांव निवासी मनोज (44) बस चलाता था। वह गुरुवार शाम बड़ौत से बस में बारात लेकर लोनी गया था। मनोज शुक्रवार तड़के करीब चार बजे शादी समारोह से बरातियों को बस से लेकर बड़ौत लौट रहा था। ट्योढ़ी गांव के पास पहुंचने पर बस के सामने बेसहारा गोवंश आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बस का संतुलन बिगड़ गया और बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। अचानक खिड़की खुलने से मनोज रोड पर गिर गया। इस दौरान बस का पहिया ऊपर से गुजर जाने से उसकी मौत हो गई। बस में सवार कई बराती चोटिल हो गए। वहीं शुक्रवार को बुढेड़ा निवासी महिला जन्नत अपने भतीजे नदीम के साथ बाइक से जिला अस्पताल आ रही थी। कलक्ट्रेट के पास बागपत की ओर से शिवम अपने भाई अजय के साथ बाइक से पहुंचा। उन दोनों की बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत से महिला समेत चारों युवक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से युवक शिवम को हायर हॉस्पिटल के लिए रेफर किया गया।
----
परिवारों में मचा कोहराम
परिजनों के मुताबिक खालिद की करीब तीन साल पूर्व शादी हुई थी। उसकी पत्नी ने 25 दिन पहले ही बेटी को जन्म दिया है। वहीं मनोज के दो छोटे-छोटे बेटे है। घटनाओं से दोनों परिवार में कोहराम मचा हुआ है।