खेत पर गए युवक को गोली मारी, गंभीर
खेत पर गए एक युवक को शनिवार रात कुछ लोगों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया।
उसावां : खेत पर गए एक युवक को शनिवार रात कुछ लोगों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया। घटना के पीछे जमीन की रंजिश बताई जा रही है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इसमें तीन नामजद व एक अज्ञात शामिल है।
घटना शनिवार रात तकरीबन 10 बजे थाना क्षेत्र के गांव बीरमपुर में हुई। मुकदमे के मुताबिक गांव का 26 वर्षीय संजीव अपने खेत की रखवाली करने गया था। इसी दौरान गांव के राम लड़ैते, रामौतार व रामसरन समेत चार लोग वहां पहले से मौजूद थे। चारों ने संजीव को देख गालीगलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर एक आरोपित ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से संजीव मौके पर ही गिर पड़ा। इधर, धमाका सुनकर परिजनों समेत अन्य गांव वाले मौके पर पहुंचे तो आरोपित वहां से भाग निकले। परिजन घायल को लेकर थाने गए, वहां से पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। इंस्पेक्टर धीरज सोलंकी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में कई पहलुओं पर जांच करवा रहे हैं। जो भी सत्यता निकलेगी, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।