कार पेड़ से टकराई, महिला की मौत, तीन घायल
अलापुर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर गांव बिचपुरी के पास तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में शाहजहांपुर जिले की एक महिला की मौत हो गई है। जबकि कार में सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। शाहजहांपुर का यह परिवार गाजियाबाद से घर वापस लौट रहा था।
संसू, म्याऊं (बदायूं) : अलापुर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर गांव बिचपुरी के पास तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में शाहजहांपुर जिले की एक महिला की मौत हो गई है। जबकि कार में सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। शाहजहांपुर का यह परिवार गाजियाबाद से घर वापस लौट रहा था। क्षेत्र के गांव बिचपुरी के पास कैलोठा मोड़ पर एक कार अनियंत्रित होकर तीव्र गति से एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सूरजपाल, उनकी पत्नी संतोषी देवी, अंशिका, चालक केशव निवासी गांव साहबगंज थाना अल्लागंज जिला शाहजहांपुर बुरी तरह घायल हो गए। म्याऊं चौकी इंचार्ज रणजीत बहादुर सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने चारों घायलों को म्याऊं अस्पताल मे भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में संतोषी देवी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना पुलिस ने परिजनों को दे दी है। चौकी इंचार्ज म्याऊं रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि पप्पू सिंह ने तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल सूरजपाल ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ लोनी जिला गाजियाबाद से अपने गांव वापस जा रहे थे कि अचानक यह दर्दनाक हादसा हो गया।