सुबह घना कोहरा, दोपहर में खिली धूप
बदायूं : मौसम का मिजाज शनिवार को बदला-बदला दिखाई दिया। सुबह घना कोहरा छाया हुआ था। दस ब
बदायूं : मौसम का मिजाज शनिवार को बदला-बदला दिखाई दिया। सुबह घना कोहरा छाया हुआ था। दस बजे तक उम्मीद नहीं दिख रही थी कि धूप निकलेगी, लेकिन कुछ ही देर में कोहरा छट गया और चटख धूप निकल आई। काफी दिनों के बाद इतनी तेज धूप निकली थी, इससे लोगों को बहुत राहत मिली। पार्कों, छतों और सड़क किनारे बैठ कर लोगों ने धूप का आनंद लिया। जिले में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस रहा।
सुबह के वक्त चारों तरफ घने कोहरे की चादर बिछी हुई थी। सुबह नौ बजे तक इसी तरह के हालात बने रहे। अंदाजा नहीं लग पा रहा था कि आज धूप निकल सकती है, लेकिन दस बजे के बाद कोहरा छटना शुरू हो गया और देखते ही देखते चटख धूप निकल आई। इससे कड़ाके की ठंड झेल रहे जिले के लोगों को बहुत राहत मिली।स्कूलों में पहले से छुट्टी चल रही है, माह का द्वितीय शनिवार होने से सरकारी दफ्तरों में भी अवकाश रहा, इसलिए परिवार के साथ लोगों ने छतों पर धूप का आनंद लिया। शाम ढलते ही फिर गलन और ठिठुरन शुरू हो गई। शहर में प्रमुख चौराहों पर अलाव जलाकर लोगों ने ठंड से बचाव किया।
संसू, सैदपुर : कोहरे व गलन के चलते नगर पंचायत प्रशासन व राजस्व विभाग की ओर से कस्बे में जगह-जगह तकरीबन 80 अलाव लगवाए गए। जिसको लेकर देर शाम नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी शिवलाल राम ने कर्मचारियों के साथ मैन रोड़, नूरी चौक, ख्वाजा चौक, हुसैनी चौक सहित कई स्थानों पर जलाए जा रहे अलावों को चेक किया सभी जगह अलाव जलते मिलें। अलावों पर मौजूद लोगों से ईओ ने वार्ता कर उनके साथ समय बिताया। शनिवार को कोहरे व गलन से लोग बेहाल रहे। जिसके बचाव के लिए अलाव लगाए गए। जिससे लोगों को काफी राहत मिली दोपहर बाद धूप ने लोगों को काफी राहत दी। गलन के कारण लोगों ने अलाव का सहारा लिया। ईओ ने बताया कि लगातार हो रही ठंड को लेकर जगह-जगह अलाव लगवाए जा रहे है। अलाव जलाने के लिए कर्मचारियों को भी कड़े निर्देश दिए गए है।