अस्पताल में आशा कार्यकर्ता से भिड़ी वार्ड आया, हंगामा
जिला अस्पताल में आशा कार्यकर्ता और नर्स के बीच गालीगलौज हुई।
बदायूं : जिला महिला अस्पताल में प्रसूताओं को निजी अस्पतालों में रेफर कराने वाला गिरोह सक्रिय है। इस गिरोह में शामिल एक वार्ड आया शनिवार को आशा कार्यकर्ता से भिड़ गई। दोनों के बीच जमकर गालीगलौज हुई। इससे वहां बखेड़ा खड़ा हो गया। हालांकि स्टाफ के अन्य लोगों ने बमुश्किल दोनों को अलग किया। बाद में प्रसूता को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।
एक आशा कार्यकर्ता शनिवार दोपहर प्रसूता को एंबुलेंस से जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंची थी। यहां तैनात एक वार्ड आया ने प्रसूता को देखते ही निजी अस्पताल ले जाने का सुझाव दिया। सुझाव ही नहीं बल्कि अस्पताल का नाम भी बताया और कहा कि वहां सस्ते में काम हो जाएगा। आशा कार्यकर्ता ने इसका विरोध किया तो वार्ड आया उससे झगड़ने लगी। देखते ही देखते नौबत गालीगलौज तक आ गई। इससे वहां हंगामा खड़ा हो गया। प्रसूता के परिजनों समेत स्टाफ ने बमुश्किल बीच-बचाव कराया। बाद में प्रसूता को भर्ती करके इलाज किया गया। बता दें कि जिला अस्पताल ही नहीं, कस्बों के सीएचसी और पीएचसी से भी प्रसूताओं को निजी अस्पतालों में ले जाने और कमीशन लेने का खेल खूब चल रहा है। बीच में इस मामले में आशा कार्यकर्ता और वार्ड आया भी चिह्नित की गई। डीएम ने इसमें कई आशा कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त भी कराई थी।