नो एंट्री में घुस रहे डग्गामार, जाम के हवाले होली का बाजार
होली का बाजार सज चुका है। वहीं जाम के हालात न बनें इसके लिए नो एंट्री भी प्रभावी कर दी गई है लेकिन बाजार में यह नो एंट्री किस हद तक प्रभावी है।
बदायूं : होली का बाजार सज चुका है। वहीं जाम के हालात न बनें, इसके लिए नो एंट्री भी प्रभावी कर दी गई है लेकिन बाजार में यह नो एंट्री किस हद तक प्रभावी है। इसका प्रमाण वहां खुलेआम घूमते डग्गामार वाहन दे रहे हैं। चौपहिया और डग्गामार वाहन खुलेआम बीच बाजार में पहुंचकर जाम का सबब बन रहे हैं। वहीं व्यवस्था संभालने वाली पुलिस कागजी कोरम पूरा कर अपनी पीठ थपथपा रही है।
त्योहारों पर शहर के मुख्य बाजार में भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में चौपहिया वाहनों की घुसपैठ पर पूरी तरह रोक लगा दी जाती है। कहने को तो सदर कोतवाली पुलिस ने इस बार भी नो एंट्री को लागू करने का ऐलान किया है और घंटाघर समेत टिकटगंज चौराहा व नेहरू चौक आदि स्थानों पर बेरियर लगा दिए गए हैं लेकिन पुलिस वाहन चालकों के सामने बौनी साबित हो रही है। खासकर डग्गामार और लोडर वाहनों को बाजार के बीच जाने के बाद भी उन्हें न तो रोका जाता है और न ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इन डग्गामारों पर विशेष कृपा होने के कारण आम आदमी को जाम से जूझना पड़ रहा है। आलम यह है कि लोगों का पैदल चलना तक दुश्वार हो चुका है। आए दिन चलाया जाने वाला अतिक्रमण अभियान भी महज चंद ठेले-खोमचे वालों को दौड़ाकर पूरा कर लिया जाता है।