वीरपाल को मारी थीं तीन गोलियां, दो बरामद
बिनावर क्षेत्र में पुलिस के मुखबिर दिव्यांग वीरपाल को हत्यारों ने तीन गोलियां मारी थीं।
बदायूं : बिनावर क्षेत्र में पुलिस के मुखबिर दिव्यांग वीरपाल को हत्यारों ने तीन गोलियां मारी थीं। इसमें दो बुलेट पोस्टमार्टम के दौरान शरीर के भीतर निकली हैं। जबकि एक पार हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इधर, आरोपित गिरफ्तारी नहीं हो सके। कहा जा रहा है कि हत्यारोपितों के पकड़े जाने के बाद ही हत्या की वजह से पर्दा उठेगा। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने घरों पर दबिश दी लेकिन तीनों फरार हैं।
रहमा गांव निवासी दिव्यांग वीरपाल की सोमवार शाम पशु चराने जंगल में जाने के दौरान गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों का कहना था कि वीरपाल पुलिस का मुखबिर था। मुखबिरी के चक्कर में उसकी हत्या गोमांस तस्करों ने की है। उसकी हत्या होने से करीब तीन दिन पहले उसने मांस से लदा टेंपो पकड़वाया था। इसी से बौखलाए तस्करों ने उसको मार डाला। हालांकि पुलिस उसे अपना मुखबिर नहीं मान रही है। पुलिस का कहना है कि वीरपाल हर मामले में दखलंदाजी करता था और खुद को मुखबिर बताते हुए पुलिस से मामले की शिकायत करने की धमकी भी लोगों को देता था। यही रंजिश की वजह बन गया था। एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि नामजदों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।