Badaun News: अमीर बनने की चाहत में घर छोड़ दिल्ली पहुंचे दो बच्चे, ठेकेदार ने मजदूरी पर लगा दिया
दोनों बच्चों की उम्र 15 साल से भी कम है। कम उम्र में दोनों अमीर बनना चाहते थे। इसलिए घर छोड़ आए। दिल्ली आए तो यहां एक ठेकेदार ने उन्हें मैरिज हॉल पर मजदूरी पर लगा दिया और खाना भी नहीं दिया।
जागरण संवाददाता, बदायूं : कम उम्र में ही बड़े शौक और जल्द अमीर बनने की चाहत लिए वजीरगंज से दो बालक घर से भागकर दिल्ली पहुंच गए। दिल्ली में काम की तलाश के लिए निकले तो मजदूरों के ठेकेदारों के हाथ लग गए। उसने दोनों को अलग अलग जगह मैरिज हाल में चल रही शादियों में काम पर लगा दिया। सुबह से शाम तक खाना तक नहीं दिया। परेशान होने पर एक बालक ने किसी तरह अपने दोस्त को फोन लगाया तो पुलिस को जानकारी मिली। नंबर ट्रेस करते हुए दिल्ली पहुंची और दोनों बालकों को बरामद कर थाना वजीरगंज ले आई।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के मुहल्ला बनिया वार्ड छह निवासी सोनू सिंह का 12 वर्षीय बेटा अजय उर्फ मनु और प्रेमपाल सिंह का 14 वार्षीय बेटा रोहित उर्फ काले बुधवार दोपहर बाद से दोनों लापता थे। स्वजन ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। इसके बाद दोनों की तालश शुरू की गई। पुलिस ने दोनों बालकों के संपर्क में रहने वाले दोस्तों से पूछताछ की। इसी दौरान एक दोस्त के नंबर पर रोहित का कॉल आ गया। जिसे ट्रेस करने पर पता चला कि वह नंबर दिल्ली का है। इस पर पुलिस ने उस नंबर से संपर्क किया तो उसने बताया कि वह मैरिज हाल में स्टाल लगाता है। इस लड़के को मजदूरों के ठेकेदार ने यहां काम पर लगाया है। उसकी मदद से पता लेकर पुलिस दिल्ली पहुंची और पहले रोहित को फिर अजय को तलाश किया।
दोनों को मजदूरों के ठेकेदार ने मैरिज हाल में शादी में काम करने के काम में लगा दिया था। दोनों खुद ही घर से भाग कर गए थे। वह घर से निकलने के बाद बस में बैठे तो वह बस बदायूं जा रही थी। इस पर दोनों उतर गए और रास्ते में ही दूसरी बस पर चंदौसी के लिए बैठ गए। चंदौसी रेलवे स्टेशन से मुरादाबाद पहुंचे और वहां से दिल्ली चले गए। दिल्ली पहुंचने के बाद काम की तलाश करने लगे। इसी दौरान उन्हें मजदूरों का एक ठेकेदार मिल गया। उसने दोनों को अलग अलग जगह काम पर लगा दिया। अगर पुलिस समय समय से न पहुंचती तो शायद दोनों का मिलना मुश्किल हो जाता।
वजीरगंज प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय के त्वरित निर्णय लेने की वजह पुलिस ने दोनों का सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस दोनों को बरामद कर थाना वजीरगंज ले आई। प्रभारी निरीक्षक वजीरगंज धनंजय पांडेय ने बताया कि दोनों बालक पैसा कमाने के लिए दिल्ली पहुंच गए थे। लेकिन दिल्ली में वह गलत हाथों में पड़ गए थे। मजदूरों का ठेेकेदार दोनों को ले गया था और बिना खाना पीना खिलाए काम करा रहा था। दोनों बालकों को बरामद कर ले आए हैं, उन्हें स्वजन को सौंप दिया गया है।