अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, मां-बेटे की मौत
गांव छतुइया के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई। हादसा इतनी रफ्तार से हुआ कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार मां-बेटे की मौत हो गई जबकि मृतक की पत्नी व मासूम बेटा घायल हो गए।
जेएनएन, उझानी (बदायूं) : गांव छतुइया के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई। हादसा इतनी रफ्तार से हुआ कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि मृतक की पत्नी व मासूम बेटा घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पर लाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उनकी स्थिति में सुधार है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कनेई के विपिन कुमार शुक्रवार शाम अपनी मां रानी, पत्नी राधा, छह वर्षीय पुत्र आर्यन के साथ हाथरस के गांव पैकवाड़ा में शादी समारोह में शामिल होने गए। शनिवार सुबह वह कार से वापस लौट रहे थे। कार विपिन चला रहे थे। रास्ते में बरेली-आगरा स्टेट हाईवे पर गांव छतुइया के पास शनिवार सुबह 9.45 बजे अचानक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई। तेज आवाज के साथ हुए हादसे से आस पास के लोग मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तब तक विपिन और उनकी मां रानी की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस पहुंची। घायल राधा और आर्यन को सीएचसी लेकर आई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों का प्राथमिक उपचार किया। फिर उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए उनको जिला अस्पताल के लिए रेफर किया। पुलिस उनको लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। वर्जन ::
प्रथम दृष्टया सुबह का समय होने से झपकी लगने की बात सामने आई है। हादसे में मां, बेटे की मौत हुई है और मृतक की पत्नी और बेटा घायल हुए हैं। घायलों की स्थिति में अब सुधार है।
- ओमकार सिंह, कोतवाल उझानी