संवादसूत्र, म्याऊं/उसावां : अलापुर और उसावां थाना क्षेत्र में किन्नरों के बीच हर रोज बखेड़ा सामने आ रहा है। अब ताजा मामले में एक युवक ने उसावां थाने में तहरीर देते हुए एक किन्नर पर लिंग परिवर्तन कराकर युवक से किन्नर बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो दूसरे पक्ष से भी एक युवक ने यही आरोप लगाए। जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर के आधार पर लिंग परिवर्तन कराने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

उसावां थाने पहुंच कर एक युवक ने पुलिस को बताया कि वह अलापुर के सैदपुर गांव का रहने वाला यासीन है। उसने बताया कि शनिवार को वह बाजार करने गया था। वहीं उसे चांदनी किन्नर मिल गई। पहले से जानने के चलते उससे बातचीत करने लगा। इसी दौरान चांदनी किन्नर ने उसे बतासे खिलाने की बात कही गई।

आरोप है कि बतासे में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गया। आरोप है कि चांदनी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे कार से आगरा ले गई। जहां उसका आपरेशन कराकर किन्नर बना दिया। अब वह उसे अपने साथ रहकर किन्नर की तरह मांगने का दवाब बना रही है।

उसावां पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि नौ मार्च को चांदनी पक्ष की ओर से एक युवक आया था। उसने बताया कि मुस्कान और सोनम नाम की दो किन्नरों ने उसे नशा देकर उसका लिंग परिवर्तन कराकर उसे किन्नर बना दिया है। पुलिस ने मामले को भांपते हुए दोनों पक्षों को बुलाया। इसके बाद बातचीत कराई। लेकिन बात नहीं बनी। इस पर पुलिस दोनों पक्षों की ओर से तहरीर लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली। इसमें यासीन पक्ष से चांदनी व एक अज्ञात जबकि माधुरी की तहरीर पर मुस्कान और सोनम के खिलाफ लिंग परिवर्तन कराने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

क्षेत्र के विवाद में आमने सामने गुरू चेला

दरअसल विवाद की जड़ क्षेत्र बटवारा है। किन्नरों में चांदनी पुरानी है। इसी के कई चेले हैं। जिनमें सोनम और मुस्कान भी हैं। पुलिस के अनुसार चांदनी ने मंगाई के रुपये प्रतिदिन के हिसाब से बढ़ा दिए तो मुस्कान और सोनम उससे अलग हो गईं।

अब चांदनी ने अपने लड़के रख लिए जबकि सोनम और मुस्कान ने अपनी टीम बनानी शुरू कर दी। कई नाचने वाले युवक किन्नर बनने को राजी हो जाते हैं, जिन्हें यह लोग अपना शिकार बनाते हैं। अब जब क्षेत्र की बात आई तो गुरू और चेला आमने सामने आ गए। जिसमें यह हाल ही में किन्नर बने युवकों को ढाल बनाकर कार्रवाई कराना चाह रहे हैं। पुलिस ने भी झंझट में पड़ने की जगह दोनों की प्राथमिकी दर्ज कर ली।

थानाध्‍यक्ष महेंद्र सिंह ने कहा क‍ि क्षेत्र में किन्नरों के एक से दो गुट हो गए। इसके बाद से ही यह विवाद सामने आने लगे। आए दिन एक दूसरे के खिलाफ तहरीर लेकर आ जाते थे। इस बार दोनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोनों गुटों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Edited By: Mohammed Ammar