..वतन पर मिटने वालों का यही बाकी निशां होगा
शहीद दिवस पर जिलेभर में क्रांतिकारियों को याद किया गया।
बदायूं : जिले भर के संगठन व स्कूलों में शहीद दिवस मनाया गया। महान क्रांतिकारी व शहीद सपूत भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु के चित्र पर माल्यार्पण करके याद किया गया।
विकास क्षेत्र वजीरगंज के पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोठा में इंचार्ज प्रधानाध्यापक सुधा सिंह ने कहा कि शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मिटने वालों का यही बाकी निशां होगा। कहा कि यह पंक्तियां ही नहीं बल्कि शहादत के लिए एक क्रांतिकारी की लिखी गाथा है। 23 मार्च 1931 को आजादी के मतवालों ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा था। यह दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। इसी को लेकर शहीद दिवस मनाया जाता है। अरविद कुमार, सुजीत सक्सेना, दीपमाला, नेत्रपाल आदि उपस्थित रहे। युवा संकल्प सेवा समिति की ओर से विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दिवस को युवा सशक्तिकरण दिवस के रुप में मनाने का निर्णय लिया। उपाध्यक्ष योगेश कुमार व सचिव पुनीत कुमार कश्यप ने कहा कि आजादी के अमर सेनानी वीरों को शत-शत नमन। भारत माता के इन पराक्रमी सपूतों के त्याग, संघर्ष, आदर्श की कहानी हमेशा याद रहेगी। कार्यक्रम का संचालन कर रहे अरूण पटेल, निखिल कुमार, ज्ञान गौरव, विशाल वैश्य, पीयूष वर्मा, रवि जौहरी, योगेंद्र सागर, केंद्रभान सिंह, इरफान अंसारी आदि उपस्थित रहे।