मौसम का मिजाज बदला, गर्मी से थोड़ी राहत
जेएनएन बदायूं इस महीने की 20 तारीख से लगातार बढ़ रहे तापमान में आठवें दिन गिरावट आई।
जेएनएन, बदायूं : इस महीने की 20 तारीख से लगातार बढ़ रहे तापमान में आठवें दिन गिरावट आई। बुधवार तक पारा जहां बढ़कर 43 डिग्री था, वहीं गुरुवार को 38 डिग्री रह गया। इस तरह से मौसम में नमी रही तो लोगों ने राहत की सांस ली। शाम को मौसम ठंडी हवाओं की वजह से सुहाना हो गया। मौसम का मिजाज बदलने से गर्मी से व्याकुल लोग गली-मुहल्लों में चैन की सांस लेते हुए टहलते नजर आए।
पिछले सात दिन से लगातार पारा चढ़ता ही जा रहा था। इन दिनों तापमान में बढ़ोत्तरी होने से पारा 43 डिग्री तक पहुंचा तो लोग भीषण गर्मी से परेशान हो उठे। तपती दोपहरी में लोग घरों में ही कैद रहे। घरों के अंदर सबसे ज्यादा हाल बच्चों का खराब था। बुधवार की रात अचानक मौसम बदला तो कुछ बूंदें पड़ने से मौसम बदल गया। इसके साथ ही तेज आंधी आई तो ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने राहत महसूस की। गुरुवार को सुबह से दोपहर तक आसमान में काले बादल छाए रहे जिससे पारा और नीचे आ गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री रिकार्ड किया गया। पारा नीचे आने से मौसम में जहां नमी रही, वहीं बारिश होने की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं। हालांकि दोपहर बाद धूप तेज होने पर लोग छाता लगाकर निकलते नजर आए। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को मौसम में नमी रहने के साथ ही बारिश भी होगी।