खाद्य पदार्थों के लिए सात नमूने, 50 किग्रा मिटाई नष्ट कराई
दीपावली पर बाजार में खाद्य पदार्थो में मिलावट नहीं हो। इसको रोकने के लिए शनिवार से खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी अभियान शुरू किया। पहले दिन नायब तहसीलदार के साथ सहसवान में चेकिंग की। इस दौरान सात नमूने लेकर 50 किग्रा मिटाइयां नष्ट कराई गई।
जेएनएन, बदायूं : दीपावली पर बाजार में खाद्य पदार्थो में मिलावट नहीं हो। इसको रोकने के लिए शनिवार से खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी अभियान शुरू किया। पहले दिन नायब तहसीलदार के साथ सहसवान में चेकिंग की। इस दौरान सात नमूने लेकर 50 किग्रा मिटाइयां नष्ट कराई गई।
अभिहीत अधिकारी चंद्रदेशखर मिश्र के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनंजय कुमार शुक्ल टीम के साथ सहसवान पहुंचे। वहां नायब तहसीलदार विकास कुमार और पुलिस बल के साथ मिठाई की दुकानों पर छापामारी की। पठानटोला में अनस मिष्ठान भंडार से छेना, बिसौली बस स्टैंड स्थित बालाजी मिष्ठान भंडार से मावा और छेना का सैंपल लिया। विल्सनगंज चौराहा पर मुन्नालाल हलवाई की दुकान से डोडा बर्फी, मिल्क केक, अनुज किराना स्टोर से किशमिश, नंदी उस्ताद सोनपपड़ी वाले के यहां से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया गया। बालाजी मिष्ठान भंडार पर 50 किग्रा खराब मिटाईयों को नष्ट कराया। टीम को देखकर दुकानदारों में खलबली मची। नायब तहसीलदार और पुलिस साथ में थी, इसलिए कहीं कोई विरोध नहीं हुआ। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंभूदयाल, देवकांत, राजीव कुमार, यतीश कुमार, भूपेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार, चंद्रविजय सिंह शामिल रहे।
वर्जन ::
त्योहारी बाजार में मिलावट और दूषित खाद्य वस्तुओं की बिक्री रोकने के लिए अभियान शुरू हो चुका है। पहले दिन सहसवान में कार्रवाई हुई है। यह अभियान 13 नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान खाद्य पदार्थो के नमूने लिए जाएंगे। उनको जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। फिर आगे की कार्रवाई लैब की रिपोर्ट पर होगी। किसी भी मिलावटखोर को नहीं बख्शेंगे।
- चंद्रशेखर मिश्र, अभिहीत अधिकारी