घर जाने के लिए बहनों को करनी पड़ी जिद्दोजहद
भाईदूज के दूसरे दिन शनिवार को बहनें अपने घर लौटीं तो उन्हें घर जाने के लिए दिक्कतें झेलनीं पड़ी।
बदायूं : भाईदूज के दूसरे दिन शनिवार को बहनें अपने घर लौटीं तो उन्हें घर जाने के लिए भी जिद्दोजहद करनी पड़ी। वो इसलिए लंबे रूट की बसें परिवहन विभाग ने पुन: उन्हीं रूटों पर भेज दीं। ऐसे में छोटे मार्गो पर बसों की किल्लत होना लाजिमी है। बहनों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। वाहन चालकों ने मनमाना किराया वसूलने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी।
शुक्रवार को दूज मनाने गई महिलाएं शनिवार या रविवार को वापस लौटेंगी, इसकी जानकारी हर किसी को थी लेकिन लंबी दूरी की बसों से होने वाले मुनाफे के फेर में परिवहन विभाग ने इन बसों को लोकल रूट से हटा लिया। शनिवार को जब महिलाएं पुन: घरों को लौंटीं तो उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बसें न मिलने के कारण डग्गामार वाहनों का ही सहारा लेना पड़ गया।
संस, बिसौली : भाइयों की दूज करने के बाद शनिवार को महिलाएं अपने-अपने घर लौटीं। जिसके कारण रोडवेज बसों और डग्गामार वाहनों में भारी भीड़ रही। नगर से इस्लामनगर, बिल्सी, सहसवान रोड पर तो छतों पर बैठकर सवारियों ने सफर तय किया। वहीं पुलिस भी इन वाहनों को अपने सामने से गुजारती रही।