एसडीएम ने किया धान क्रय केंद्र का निरीक्षण
एसडीएम लाल बहादुर ने एसएफसी सहसवान और कर्मचारी कल्याण निगम करियावैन के धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया।
संस, सहसवान : एसडीएम लाल बहादुर ने एसएफसी सहसवान और कर्मचारी कल्याण निगम करियावैन के धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले किसानों का धान क्रय कर लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा करें। केंद्र पर बिचौलियों को न आने दें। वहीं, किसानों का कहना है कि ऐसा कोई सेंटर नहीं है जहां पर माफिया और बिचौलियों का धान नहीं खरीदा जा रहा हो। इसके बाद भी केंद्र प्रभारियों ने एसडीएम के निरीक्षण में फर्जी आंकड़े पेश किए हैं। सिस्टम और बिचौलियों के आपसी गठजोड़ से किसानों की फसल नहीं बिक पा रही है। सेंटरों पर बिचौलियों का धान खरीदा जा रहा है। संस, बिसौली : गांव खजुरिया के सरकारी धान क्रय केंद्र पर सिर्फ पांच किसानों ने साढ़े चार सौ क्विटल धान ही बेचा है, जबकि आसपास के गांवों के किसान धान की फसल करते हैं। केंद्र इंचार्ज रिजवान खान ने बताया कि किसान अब धान बेचने ही नहीं आ रहा है। इधर, एसडीएम चंद्रप्रकाश सरोज ने क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। क्रय पंजिका देखी। आस पास खड़े किसानों को अपनी धान की फसल बेचने के लिए प्रोत्साहित किया।