सांसद का टिकट कटने की फैलाई अफवाह, दी गई तहरीर
किसी ने सोशल मीडिया पर सांसद सपा धमेँ्रद्र यादव का टिकट कटने की अफवाह फैला दी।
बदायूं : जिले के मौजूदा सांसद व सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव के टिकट कटने से जुड़ी भ्रामक अफवाह सोशल साइट्स पर शुक्रवार को किसी ने वायरल कर दी। पार्टी के पत्र को एडिट कर पोस्ट डाली गई। इससे सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खलबली मच गई। सियासी गलियारे में भी चर्चाएं होने लगीं। सपा जिलाध्यक्ष ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। सपा ने शुक्रवार को गाजियाबाद से घोषित प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार मुन्नी के स्थान पर सुरेश बंसल को प्रत्याशी घोषित किया। इसी पत्र को एडिट कर किसी यह लिख दिया कि बदायूं के धर्मेंद्र यादव के स्थान डॉ.नवल किशोर शाक्य को सपा का प्रत्याशी घोषित किया जाता है। इसे वाट्सएप और फेसबुक पर भी अपलोड कर दिया गया। लोगों ने जब पोस्ट देखी तो फेसबुक से लेकर उसके स्क्रीन शॉट वाट्सएप पर भी वायरल होने लगे। कुछ देर बाद ही जिलेभर में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। राजनैतिक दलों में भी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों को इसकी जानकारी हुई तो आक्रोश फैल गया। सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने डीएम समेत प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। सांसद धर्मेंद्र यादव के मीडिया प्रभारी प्रभात अग्रवाल ने बताया कि जिलाध्यक्ष की ओर से सिविल लाइंस थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है।
----------------